🔳 पोलों की बुनियाद हो चुकी खोखली, बावजूद अनदेखी
🔳 गिरताऊ हालत में पहुंच चुके पोल बड़ी घटना को दे रहे आमंत्रण
🔳 ग्रामीणों ने पोलों को बदलकर खतरा टालने की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के धूरा व उल्गौर गांव में जर्जर हालत में पहुंच चुके विद्युत पोल बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं बावजूद विद्युत विभाग की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। जंक लगने के बाद लगातार क्षतिग्रस्त होकर गिरताऊ हालत में पहुंच चुके पोलों की अनदेखी से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।
धूरा तथा उल्गौर गांव में आबादी के समीप विद्युत पोल खतरे का सबब बन चुके हैं। गांवों के लोगों पर लगातार खतरा बढ़ता ही जा रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। वर्षों पुराने कई पोलों की बुनियाद खोखली हो चुकी है। जंक लगने से पोल क्षतिग्रस्त होकर गिरताऊ हालत में है पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। पोलो की स्थिति देख ऐसा लगता है मानो विद्युत विभाग किसी बड़ी घटना के इंतजार में हैं। बारिश व तेज हवा के दौरान खतरा कई गुना बढ़ जा रहा है। विद्युत विभाग की अनदेखी से गांवों के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने दयनीय हालत में पहुंच चुके पोलों को जल्द बदलने की मांग उठाई है ताकि समय रहते खतरा टल सके।
