🔳 धामसपुर गांव में गहराया पेयजल संकट
🔳 बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं कड़ी धूप में ढोल रहे पानी
🔳 कई बार उठ चुकी आवाज बावजूद नहीं ली जा रही सुध
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे दर्जनों परिवार
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के मल्लाकोट ग्राम पंचायत के धामसपुर तोक में बूंद बूंद पानी को हाहाकार मच गया है। मजबूरी में गांव की महिलाएं करीब चार किमी दूर से पानी ढोने को मजबूर हो चुकी है। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद समस्या का समाधान न होने से क्षेत्रवासियों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। ग्रामीणों ने व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग उठाई है।
मल्लाकोट ग्राम पंचायत के धामसपुर तोक के दर्जनों परिवार पानी के लिए परेशान है। गांव में बारगल कफूल्टा पंपिंग पेयजल योजना की पाइप लाइन भी बिछाए जाने के बावजूद आज तक ग्रामीणों को पानी की बूंद तक नसीब नहीं हो सकी है। पेयजल उपलब्ध न होने से गांव के लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की महिलाएं, छोटे बच्चे व बुजुर्ग करीब चार किलोमीटर दूर स्थित बरसाती नाले से पानी भरकर गांव तक पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार पेयजल व्यवस्था को विभिन्न मंचों से आवाज उठाए जाने के बावजूद आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी। जिसका खामियाजा तमाम परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय हरेन्द्र सिंह, बचे सिंह, कांता सिंह, धन सिंह, पूरन जलाल, विनोद ढौंडियाल, कुंती देवी, शांति देवी, आदि ने पेयजल व्यवस्था को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है। चेताया है कि यदि समय रहते सुध नहीं ली गई तो आंदोलन को विवश होना पड़ेगा।
