🔳 टैक्सी वाहनों के लिए जगह न मिलने पर जताया रोष
🔳 निजी वाहन चालकों की मनमानी पर जताई नाराजगी
🔳 हंगामे की सूचना पर मय टीम पहुंचे चौकी प्रभारी
🔳 यूनियन पदाधिकारियों को बामुश्किल कराया शांत, सकारात्मक कार्रवाई का दिलाया भरोसा
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार स्थित टैक्सी पार्किंग में निजी वाहनों को पार्क किए जाने से टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों का पारा चढ़ गया। पदाधिकारियों ने निजी वाहनों के कारण टैक्सी वाहनों को जगह न मिलने पर रोष जताया। हंगामे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी के सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाए जाने के बाद बामुश्किल यूनियन पदाधिकारी शांत हुए। दो टूक कहा की कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गुरुवार को खैरना स्थित टैक्सी पार्किंग में निजी वाहनों को देख वाहन चालक भड़क गए। आरोप लगाया की टैक्सी पार्किंग में निजी वाहनों के खड़े होने से टैक्सी वाहनों को जगह नहीं मिल रही। अन्य स्थानों पर वाहन पार्क करने में पुलिस प्रशासन टैक्सी वाहन चालकों के चालान कर जुर्माना लगा दे रहा है। मौके पर पहुंचे टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों ने भी गहरी नाराजगी जताई। यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह गौणी ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद बामुश्किल पार्किंग उपलब्ध हो सकी। अब निजी वाहन चालक कब्जे पर आमादा हो चुके हैं। दो टूक कहा कि टैक्सी पार्किंग में निजी वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। मनमानी की गई तो टैक्सी यूनियन आंदोलन को विवश हो जाएगा। हंगामा बढ़ने की सूचना पर चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय मय टीम मौके पर पहुंचे। यूनियन पदाधिकारियों व वाहन चालकों को बामुश्किल शांत करवाया। भरोसा दिलाया की मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। साफ किया की टैक्सी वाहन चालकों की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान भूपाल सिंह, जोगा सिंह, अनिल नेगी, कुंवर सिंह, अनिल गौणी, चंदन सिंह, बचे सिंह, बालम सिंह, कमलेश सिंह, चंदन सिंह समेत कई वाहन चालक व टैक्सी यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *