🔳 निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की जांच को रुद्रपुर भेजे जाएंगे सेंपल
🔳 ठेकेदार को भी भेजा नोटिस, गुणवत्तायुक्त कार्यो के निर्देश
🔳 बाढ़ सुरक्षा कार्य में गुणवत्ता पर उठे थे सवाल
🔳 काकड़ीघाट स्थित कर्कटेश्वर मंदिर के समीप गतिमान है कार्य
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर काकडीघाट क्षेत्र में मंदिर माला मिशन के तहत किए जा रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों में अनियमित का मामला सामने आने पर अब केएमवीएन ने सख्त रुख अपना लिया है। भारी भरकम बजट से किए गए कार्य की गुणवत्ता जांचने को सैंपल रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे जाएंगे साथ ही संबंधित ठेकेदार को नोटिस भी भेज दिया गया है। अवर अभियंता ने साफ किया कि गुणवत्ता से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
काकड़ीघाट स्थित कर्कटेश्वर मंदिर के आसपास मंदिर माला मिशन के तहत चार करोड़ रुपये से अधिक के बजट से निर्माण कार्य गतिमान हैं। करीब एक करोड़ रुपये की लागत बाढ़ सुरक्षा जबकि शेष बजट से मूर्तियां व अन्य कार्य प्रस्तावित है। अभी कार्य शुरु ही हो सके थे कि प्लम कंक्रीट की दयनीय हालत सामने आने से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं वही ब्लाक निर्माण में पत्थरों का इस्तेमाल किए जाने का मामला भी चर्चाओं में आ गया है। मंदिर माला मिशन के तहत कार्यों में शुरुआत में ही गुणवत्ता पर सवाल उठने से कार्यदाई संस्था कुमाऊं मंडल विकास निगम सख्ते में आ गया। लोगों ने आरोप लगाया की बाढ़ सुरक्षा कार्य में ही यदि गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया तो भविष्य में कोसी नदी वेग सुरक्षा कार्यो को तहस नहस कर देगा। मामले के जोर-शोर से उठने के बाद अब कार्यदाई संस्था केएमवीएन ने भी सख्त रुख अपना लिया है। विभाग ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल निर्माण सामग्री की जांच को सैंपल रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला में भेजने की तैयारी कर ली है। अवर अभियंता नीरज सिंह नयाल ने बताया की सैंपल जांच को भेजें जाएंगे। रिपोर्ट मिलने के बाद ही निर्माण कार्यों का भुगतान होगा। बताया की संबंधित ठेकेदार को नोटिस भी भेज दिया गया है। गुणवत्तायुक्त कार्यो के निर्देश दिए गए हैं।
