🔳 नलकूप खंड रामनगर ने पूरी कराई टेंडर प्रक्रिया
🔳 पंप हाउस निर्माण के साथ ही बिछाई जाएंगी नई पाइप लाइन
🔳 योजना के पुनर्निर्माण से सैकड़ों किसान होंगे लाभान्वित
🔳 जल्द कार्य शुरु करवाने में जुटा संबंधित विभाग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के तल्लाकोट व बादरकोट गांव के सैकड़ों किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण सिंचाई पंपिंग योजना का लगभग तीस लाख रुपये के बजट से पुनर्निर्माण होगा। कार्य की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी करा ली गई है। नलकूप खंड रामनगर के सहायक अभियंता प्रशांत आर्या के अनुसार जल्द ही पंप हाऊस निर्माण व पाइप लाइन बिछाए जाने का कार्य शुरु कर दिया जाएगा।
ग्राम पंचायत तल्लाकोट, बादरकोट समेत आसपास के गांवों के किसानों को कोसी नदी क्षेत्र में बनी वर्षों पुरानी पंप सिंचाई योजना से पानी उपलब्ध कराया जाता है। ग्राम प्रधान इंद्रा जलाल ने पूर्व में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को पत्र सौंप योजना के पुनर्निर्माण की मांग उठाई। मामले को गंभीरता से जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को पुनर्निर्माण कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। किसानों के हित से जुड़ी योजना के पुनर्निर्माण को नलकूप खंड रामनगर के अधिकारियों ने कवायद शुरु की। आखिरकार अब योजना की पुनर्निर्माण की उम्मीद को पंख लगने लगे हैं। योजना के पुनर्निर्माण कार्य के लिए सरकार से लगभग तीस लाख रुपये के बजट को हरी झंडी मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने अब पंप हाउस निर्माण के साथ ही पाइप लाइन बिछाने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने पर पुष्कर सिंह जलाल, मनोहर सिंह, महेंद्र सिंह, टीका सिंह, मदन सिंह, मोहन सिंह, राजेंद्र राम आदि ने खुशी व्यक्त की है। नलकूप खंड रामनगर के सहायक अभियंता प्रशांत आर्या के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही गांव में बैठक कर पाइप लाइन पर चर्चा की जाएगी। पंप हाउस निर्माण का कार्य भी जल्द शुरु करवाया जाएगा।
