🔳 तल्ली सेठी गांव के लोगों के भड़कने के बाद हरकत में प्रशासन
🔳 मौके पर पहुंच किया स्थलीय निरीक्षण, ग्रामीणों से की वार्ता
🔳 शमशान घाट में विशालकाय आम के पेड़ को भी घेराबंदी से मुक्त करने के निर्देश
🔳 पंचायत प्रतिनिधियों ने चेताया मनमानी नहीं होगी बर्दाश्त
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट अमेल सेठी मोटर मार्ग पर महिला किसान के खेत को रौंद रातोंरात अवैध मार्ग बनाने, कृषि विभाग की तारबाड़ क्षतिग्रस्त करने व शमशान घाट के रास्ते को बंद करने का मामला तूल पकड़ने के बाद हरकत में आए बेतालघाट प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पहुंचकर अभिलेखों की जांच की गई। पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, प्रशासन व बाहरी जमीन खरीददार के बीच तीन बिंदुओं पर बामुश्किल सहमति बनी। पंचायत प्रतिनिधियों ने दो टूक कहा की उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तल्ली सेठी ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान प्रताप कुमार की अगुवाई में ग्रामीणों के बीते मंगलवार को बेतालघाट – अमेल – सेठी मोटर मार्ग पर महिला किसान के खेत को लोडर मशीन से तहस नहस कर अवैध रोड तैयार करने, शमशान घाट के रास्ते को बंद किए जाने तथा कृषि विभाग की तारबाड़ क्षतिग्रस्त किए जाने पर नारेबाजी कर रोष व्यक्त करने तथा बगैर अनुमति लोडर मशीन के इस्तेमाल कर मनमानी करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद बुधवार को राजस्व निरीक्षक सुरेश सनवाल ने मय टीम क्षेत्र का जायजा लिया। ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ अभिलेखों की जांच की। दूसरे पक्ष को भी मौके पर बुलवाया गया। कई घंटे की वार्ता के बाद बाहरी जमीन खरीददार के दोबारा तारबाड़ व दीवार निर्माण करने, शमशान घाट के रास्ते को उसी स्थान पर व्यवस्थित करने तथा श्मशान घाट स्थित आम के विशालकाय पेड़ को घेराबंदी से मुक्त करने पर बामुश्किल सहमति बनी। ग्रामीणों ने जल्द कार्य करवाए जाने पर जोर दिया। ग्राम प्रधान ने साफ कहा की क्षेत्र के लोगों के हितों से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। राजस्व निरीक्षक सुरेश सनवाल के अनुसार रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य संजय बोहरा, राजस्व उपनिरीक्षक कपिल कुमार, विजय सिंह, रविन्द्र सिंह, हीरा सिंह नेगी, बंसती रौतेला, जतिन चावला, गोधन सिंह, प्रताप सिंह, हीरा सिंह बिष्ट, देवकी देवी, हंसी देवी, दीपा, इंद्रा, रेखा, देबुली देवी, प्रतिमा देवी समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *