🔳 सरकार व आबकारी विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर जताया रोष
🔳 रातीघाट में शराब की दुकान के विरोध में धरने पर डटी महिलाएं
🔳 जल्द दुकान न हटाए जाने पर आंदोलन तेज करने का ऐलान
🔳 पंचायत प्रतिनिधियों के आंदोलन को समर्थन का सिलसिला भी जारी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित रातीघाट क्षेत्र में शराब की दुकान के विरोध में मातृशक्ति का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। सुबह से ही महिलाएं दुकान के बाहर बैठकर आंदोलनरत है। कई दिनों से लगातार आंदोलन के बावजूद सुध न लिए जाने पर अब महिलाओं का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। महिलाओं ने सरकार पर हठधर्मिता का आरोप लगा आंदोलन तेज करने का ऐलान कर दिया है।
रातीघाट बाजार क्षेत्र में शराब की दुकान खुलने से आंदोलनरत महिलाएं गुरुवार को भी दुकान के बाहर धरने पर बैठ गई। राज्य सरकार व आबकारी विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया गया। महिलाओं ने दो टूक कहा की रातीघाट बाजार क्षेत्र में शराब की दुकान कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि आसपास के गांवों से नौनिहाल रातीघाट स्थित जीआइसी में शिक्षा ग्रहण करने को पहुंचते हैं पर शराब की दुकान खुलने से निश्चित ही माहौल खराब होगा। स्कूली बच्चों के भी नशे के दलदल में फंसने का अंदेशा है। जिला पंचायत सदस्य व अन्य गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों ने भी महिलाओं के समर्थन में धरना दिया। जिनपर सदस्य ने कहा कि शराब की दुकान खोलकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान बीना देवी, हेमा देवी, चंपा, सावित्री, नीमा, देवकी देवी, पूनम अधिकारी, नंदी देवी, जीवंती देवी, पुष्पा, आशा देवी, किसन सती, गोपाल दत्त पांडे, ललित, कमल रौतेला समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
