🔳 जीआइसी मोना में हुए कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को दी गई अहम जानकारियां
🔳 60 वर्ष की आयु के बाद मिलेगी तीन हजार रुपये पेंशन
🔳 असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले कामगारों को मिलेगा लाभ
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज मोना के सभागार में हुई बैठक में विभिन्न ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधानों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन योजना की विस्तार से जानकारी दे असंगठित क्षेत्र में कार्यरत ग्रामीणों को लाभ दिलाने का आह्वान किया गया। ग्रामीणों को योजना से लाभान्वित करने को आवश्यक अर्हता के विषय पर भी जानकारी साझा की गई।
शनिवार को जीआइसी मोना में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्रम योगी मान धन योजना पर चर्चा की गई। ‌ग्राम पंचायत विकास अधिकारी खुशहाल जोशी ने योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। पंचायत प्रतिनिधियों को योजना का लाभ लाभार्थी तक पहुंचाने की अपील की। बताया कि योजना के तहत असंगठित क्षेत्रों में कार्य करने वाले ग्रामीणों को साठ वर्ष की आयु के बाद तीन हजार रुपये मासिक पेंशन उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है। लाभार्थी किसी भी सीएससी सेंटर से योजना में पंजीकरण करा सकते हैं। बताया कि अठारह से चालीस वर्ष तक की आयु के असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले ग्रामीण योजना का लाभ उठा सकते हैं। कहा कि लाभार्थी पचपन से दो सौ रुपये तक मासिक योगदान देकर योजना का लाभ उठा सकते हैं। लाभार्थी की मृत्यु होने पर उसकी पत्नी को पचास फीसदी यानी पंद्रह सौ रुपये की पेंशन का प्रावधान रखा गया है। पंचायत प्रतिनिधियों से योजना से अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाने का आह्वान भी किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान चापड निर्मला जीना, प्रधान गैराडी दीपा देवी, प्रधान खैरदा तुलसी देवी समेत कई अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।