🔳 विद्यालय परिसर में रखा लकड़ी का ढेर जलकर हुआ राख
🔳 ग्रामीणों ने आग से बामुश्किल बचाया विद्यालय परिसर
🔳 तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल पाया आग पर काबू
🔳 समय रहते आग बुझाए जाने से टल गई बडी घटना
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के खैरनी गांव से सटे जंगल से उठी आग की लपटे बेकाबू होकर राजकीय प्राथमिक विद्यालय के परिसर तक पहुंच गई। आग की विकराल लपटों के विद्यालय परिसर तक पहुंचने से गांव में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने तीन घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल आग पर काबू पाया। हालांकि आग ने विद्यालय परिसर में रखे गए लकड़ी के ढेर को जलाकर राख कर डाला। गनीमत रही की बड़ी अनहोनी टल गई।
गुरुवार को खैरनी गांव से सटा जंगल आग से धधक उठा। दोपहर तक आग की लपटें विकराल होती चली गई। तकरीबन दो बजे के आसपास हवा के तेज झोंके ने आग की लपटों को गांव में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर की ओर मोड़ दिया।आग की लपटों को स्कूल की ओर रुख करता देख ग्राम प्रधान अजय सिंह की अगुवाई में दर्जनों ग्रामीण स्कूल को आग की चपेट में आने से बचाने को दौड़े। ग्रामीणों ने आग बुझाने को अभियान चलाया पर विकराल आग की लपटों ने ग्रामीणों को कदम पीछे खिंचने पर मजबूर कर दिया। आग ने विद्यालय परिसर में रखी लकड़ी के ढेर को जलाकर राख कर डाला। ग्रामीणों ने भी हार नहीं मानी और अभियान जारी रखा। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत व जान जोखिम में डाल ग्रामीणों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। आग को काबू पाएं जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा के अनुसार विभागीय टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। विशेष टीम का गठन भी किया गया है। खेतों में कूडा जलाए जाने से भी आगे जंगलों तक पहुंच रही है। गांवों के लोगों को जागरुक किया जा रहा है।
