🔳 घर के नजदीक ही शराब की दुकान खुलने से चढ़ा पारा
🔳 महिलाओं ने नारेबाजी कर बंद कराई शराब की दुकान
🔳 लगातार विरोध के बावजूद मनमानी किए जाने का लगाया आरोप
🔳 घंटों तक दुकान के बाहर डटी रही मातृशक्ति
🔳 दुकान के बाहर अनिश्चितकालीन धरने का किया ऐलान
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र में शराब की दुकान खुलते ही महिलाओं का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित मातृशक्ति ने दुकान का शटर बंद कर नारेबाजी की। हाईवे पर सांकेतिक धरना दे रोष जताया। दो टूक कहा की किसी सूरत में दुकान खुलने नहीं दी जाएगी। रोज़ाना दुकान के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
रातीघाट क्षेत्र में शराब की दुकान का लगातार विरोध के बावजूद बुधवार को हाईवे पर दुकान खुलने की सूचना से महिलाएं सड़क पर उतर आई। नव दुर्गा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने दुकान के बाहर नारेबाजी कर रोष जताया। आक्रोशित महिलाओं ने दुकान का शटर बंद कर डाला। महिलाओं का पारा चढ़ने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिलाओं ने हाईवे पर सांकेतिक रुप से धरना दिया। सरकार विरोधी नारे लगाकर रोष जताया। आरोप लगाया की लगातार विरोध के बावजूद मनमानी की जा रही है। देश की आन, बान, शान के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले बलिदानी सपूत शहीद संजय सिंह बिष्ट के घर के समीप ही दुकान खोल दी गई है। जिससे पूरा क्षेत्र शर्मिंदा हैं। कहा कि शराब की दुकान खोलकर गांवों का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक स्वर में ऐलान किया कि यदि दुकान खोली गई तो दुकान के बाहर ही अनिश्चितकालीन धरना शुरु कर दिया जाएगा। कहा की शराब की दुकान के बजाय क्षेत्र में सुविधाजनक अस्पताल खोला जाता तो हजारों परिवारों को लाभ मिलता पर शराब की दुकान खोलकर गांवों को बर्बाद करने का षड़यंत्र रचा जा रहा है। महिलाओं के हंगामे से घंटों तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। कुछ देर हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ पर आंदोलनकारी महिलाओं ने खुद ही यातायात सुचारु करवाया। इस दौरान ग्राम प्रधान जया किशोर, ग्राम प्रधान चंद्रा देवी, हेमा देवी, सुनीता, पार्वती, रेखा भट्ट समेत तमाम महिलाएं मौजूद रहे।