🔳 काकड़ीघाट क्षेत्र में हाईवे से नदी तक रातोंरात बना डाली अवैध रोड
🔳 दिन ढलने के साथ ही तस्कर नदी क्षेत्र में बढ़ा रहे सक्रियता
🔳 भविष्य में हाईवे को नुकसान पहुंचने का अंदेशा
🔳 कोसी नदी का रुख बदलने से नजदीक कर्कटेश्वर मंदिर को भी खतरा
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातोंरात कोसी नदी की ओर अवैध रोड तैयार कर तस्करों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली है। दिन ढलने के साथ ही तस्कर अवैध रोड से नदी क्षेत्र में डंपर उतार धड़ल्ले से उपखनिज व पत्थर तस्करी को अंजाम दे रहे हैं।
काकड़ीघाट क्षेत्र में महत्वपूर्ण अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से कोसी नदी की ओर अवैध रोड तैयार कर ली गई है। खनन तस्कर रात होते ही नदी की ओर बनाई गई अवैध रोड से भारी-भरकम डंपर नदी में उतार रहे हैं। हाईवे के नजदीक बहने वाली कोसी नदी क्षेत्र से खुलेआम हो रही पत्थर तस्करी से भविष्य में हाईवे को भी नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। वहीं नदी का रुख बदलने पर ठिक सामने सुप्रसिद्ध कर्कटेश्वर महादेव मंदिर भी खतरे की जद में आ सकता है बावजूद तस्कर धड़ल्ले से नदी क्षेत्र से तस्करी पर आमादा हो चुके हैं। तस्करों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं की हाईवे से नदी तक अवैध रोड तैयार कर अब नदी क्षेत्र में भी अवैध रास्ते तैयारी शुरु कर दी गई है। नदी क्षेत्र में रात को धड़ल्ले से हो रही तस्करी पर क्षेत्रवासियों ने गहरी नाराजगी जताई है। हाईवे व सुप्रसिद्ध मंदिर को भविष्य के नुकसान से बचाने को अवैध रोड को बंद करने तथा तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाने की पुरजोर मांग उठाई है।