🔳 ग्राम प्रधान लोहाली ने एसडीएम को सौंपा शिकायती पत्र
🔳 लंबे समय से दबंगों के कब्जे में होने का लगाया आरोप
🔳 जनहित को ध्यान में रख किया गया था निर्माण
🔳 मामले में कार्रवाई किए जाने की उठाई पुरजोर मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के लोहाली ग्राम पंचायत में स्थित जनमिलन केंद्र को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराने की मांग तेज हो गई है। ग्राम प्रधान ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंप मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप लगाया की जनमिलन केंद्र पर कब्जा होने से ग्राम पंचायत में कई महत्वपूर्ण कार्य नहीं हो पा रहे। कई बार कहने के बावजूद जनमिलन केंद्र को ग्राम पंचायत को नहीं सौंपा जा रहा।
लोहाली गांव में स्थित जनमिलन केंद्र का मामला श्री कैंची धाम तहसील मुख्यालय तक पहुंच गया है। ग्राम प्रधान निर्मला बिष्ट ने उपजिलाधिकारी मोनिका को शिकायती पत्र सौंप गांव में स्थित जनमिलन केंद्र को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराने की मांग उठाई है। शिकायती पत्र के माध्यम से बताया की जनहित को ध्यान में रख वर्षों पूर्व गांव में जनमिलन केंद्र का निर्माण करवाया गया पर पिछ्ले दस बारह वर्षों से जनमिलन केंद्र पर दबंगों का कब्जा हो चुका है। केंद्र में ताला लगा होने से कई कार्य नहीं हो पाते। आगामी छह व सात अप्रैल को ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित है पर जनमिलन केंद्र पर दबंगों का ताला लगा हुआ है जिस कारण सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी संकट मंडरा रहा है। ग्राम प्रधान ने उपजिलाधिकारी से जनमिलन केंद्र को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराने को कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
