🔳 नदी के पानी से क्षेत्रवासियों के बिमारी की चपेट में आने का खतरा
🔳 एसडीआरएफ छड़ा ईकाई के जवान भी हुए परेशान
🔳 सप्ताहभर से भी अधिक समय से छड़ा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप
🔳 क्षेत्रवासियों ने तत्काल व्यवस्था दुरुस्त किए जाने पर दिया जोर
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित छड़ा बाजार क्षेत्र में सप्ताह भर से भी अधिक समय से पेयजल आपूर्ति ठप होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। नलों से पानी की बूंद तक न टपकने से क्षेत्र के लोग कोसी नदी का पानी पीने को मजबूर हो चुके हैं। एसडीआरएफ छड़ा ईकाई के बेस कैंप में भी जलापूर्ति प्रभावित होने से एसडीआरएफ के जवानों को भी पानी के लिए तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने व्यवस्था तत्काल दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।
हाईवे पर स्थित खैरना पुलिस चौकी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी के बाद अब छड़ा बाजार क्षेत्र में भी बूंद बूंद पानी को हाहाकार मच गया है। सप्ताहभर से भी अधिक समय से जलापूर्ति ठप पड़े होने से बाजार के व्यापारियों के परिवार कोसी नदी का पानी पीने को मजबूर हो चुके हैं। ऐसे में लोगों के संक्रामक बिमारियों के चपेट में आने का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। क्षेत्र में स्थित एसडीआरएफ छड़ा ईकाई के कैंप में भी आपूर्ति ठप होने से एसडीआरएफ के जवान दूरदराज से पानी ढोकर हलक तर करने में जुटे हुए हैं। स्थानीय व्यापारी विरेन्द्र सिंह बिष्ट, विक्रम बिष्ट आदि के अनुसार कई बार पेयजल व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाए जाने के बावजूद सुध नहीं ली जा रही। पेयजल आपूर्ति ठप होने का खामियाजा स्थानीय लोग को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्र के विजय सिंह, दिनेश बिष्ट, सुरेश सिंह, आंनद सिंह, जीवन सिंह, दीवान सिंह, दीपक सिंह, धन सिंह आदि ने जल्द पेयजल व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन का ऐलान कर दिया है। जल संस्थान के अवर अभियंता चेतन कुमार के अनुसार निरीक्षण कर जल्द ही पेयजल व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।