🔳 क्वारब पुलिस की टीम ने अवैध शराब के साथ दबोचा
🔳 आरोपित के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
🔳 पुलिस के एकाएक चले अभियान से शराब तस्करों में हड़कंप
🔳 महिलाओं के आक्रोशित होने के बाद पुलिस ने कसा शिकंजा
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में अवैध शराब बिक्री पर महिलाओं के आक्रोशित होने के बाद अब क्वारब पुलिस ने अवैध शराब बिक्री पर सख्ती से अंकुश लगाने को अभियान शुरु कर दिया है। पुलिस टीम में परचून की दुकान की आड़ में अवैध शराब बेच रहे तस्कर को धर दबोचा। तस्कर के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।
कूल, चोपड़ा, बिरखन, मटकिना, बटूलिया आदि गांवों में खुलेआम अवैध शराब बिक्री पर बीते दिनों पंचायत प्रतिनिधियों व महिलाओं ने क्वारब चौकी पहुंचकर नारेबाजी कर अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठाई। शराब तस्करों के नाम का खुलासा कर कार्रवाई पर जोर दिया। दो टूक कहा की यदि धड़ल्ले से हो रही शराब बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई तो चौकी में ही धरना शुरु किया जाएगा। लोगों का पारा चढ़ने के बाद हरकत में आई क्वारब पुलिस ने चौकी प्रभारी मनोज अधिकारी की अगुवाई में कूल गांव में विशेष चैकिंग अभियान चलाया। इस दौरान परचून की दुकान में शराब बिक्री कर रहे नवीन चंद्र को धर दबोचा। आरोपित की दुकान से सत्रह पव्वे अंग्रेजी शराब व बत्तीस पाउच देशी शराब के बरामद किए गए। पुलिस ने शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। चौकी प्रभारी के अनुसार शराब तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अवैध शराब बिक्री पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। इस दौरान आंनद सिंह राणा, गोपाल बिष्ट आदि मौजूद रहे।
