🔳 दिन दोपहर गोवंशीय पशु को निवाला बना लेने से हड़कंप
🔳 खेतीबाड़ी चौपट होने के बाद अब पशुपालन पर भी संकट
🔳 ग्रामीणों ने मुआवजे के साथ ही पिंजरा लगाने की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे लोहाली गांव में गुलदार की घुसपैठ बढ़ने व गोवंशीय पशुओं को मार डालने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। मवेशियों के माथे जाने से पशुपालकों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पशुपालकों को मुआवजा उपलब्ध कराने तथा गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
गांवों में जंगली जानवरों के खेती चौपट कर दिए जाने के बाद अब पशुपालन के कार्य पर भी संकट बढ़ गया है। गुलदार के मवेशियों को मार डालने से पशुपालन का कार्य भी नुकसान का सबब बन चुका है। हाईवे से सटे लोहाली गांव में दिन के उजाले में ही पूजा देवी के गोवंशीय पशु को गुलदार ने ढेर कर डाला। दिन के उजाले में ही गुलदार के आबादी के नजदीक तक पहुंच गोवंशीय पशु को मार डालने से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। गुलदार की घुसपैठ से महिलाएं खेतों में तक जाने में डरने लगी है। स्कूली बच्चों पर भी खतरा बना हुआ है। गुलदार के घर से गांव के लोग दिन ढलने के साथ ही घरों में दुबकने को मजबूर हो चुके हैं। स्थानीय नरेश जलाल, पंकज सिंह, हरीश सिंह, किशोर सिंह, पंकज बिष्ट, कमलेश, दीपांशु जलाल, रणवीर सिंह, भीम सिंह आदि ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में भी गुलदार कई पशुपालकों के मवेशियों को निवाला बना चुका है। ग्रामीणों ने पशुपालकों को मुआवजा देने के साथ ही गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की पुरजोर मांग उठाई है।
