🔳 ब्यासी गांव में पेयजल संकट गहराने पर हुई बैठक
🔳 ग्रामीणों ने आपूर्ति प्रभावित करने वालों के खिलाफ जताया रोष
🔳 अवर अभियंता ने कार्रवाई का किया दावा
🔳 व्यवस्था में सुधार को आवश्यक कदम उठाने का दिलाया भरोसा
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के ब्यासी गांव में पेयजल संकट गहराने पर जल संस्थान व ग्राम पंचायत की संयुक्त बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने आए दिन पेयजल संकट प्रभावित होने पर नाराजगी जताई। मुख्य लाइन में मोटर लगाकर पानी खिंचने पर रोष जताया। जल संस्थान के अवर अभियंता ने मुख्य लाइन में छेड़छाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ब्यासी गांव स्थित पंचायत भवन में ग्राम प्रधान विमला देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पेयजल संकट का मुद्दा जोर-शोर से उठा। ग्रामीणों ने कहा की अभी से पेयजल संकट गहरा रहा है ऐसे में गर्मियों में हालात बद से बद्तर हो जाएंगे। पेयजल की मुख्य लाइन से मोटर लगाकर पानी खिंचने पर नाराजगी व्यक्त की। जल संस्थान के अवर अभियंता विनोद चौहान ने एक महीने के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया तथा मोटर लगाने वाले की सूचना विभाग को उपलब्ध कराए जाने की बात कही ताकी ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। पेयजल लाइन में खराबी पर तत्काल जानकारी देने को कहा ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके। ग्राम प्रधान विमला देवी ने कहा की ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। मोटर लगाकर गांव की पेयजल आपूर्ति प्रभावित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान प्रेमा देवी, शीला देवी, यशोदा, बचुली देवी, राधा, मीना देवी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
