🔳 क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में ग्राम प्रधान ने चेताया
🔳 बैठक में जल जीवन मिशन योजना पर भी लगे भ्रष्टाचार के आरोप
🔳 जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर पंचायत प्रतिनिधि हुए आक्रोशित
🔳 सीडीओ ने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण के दिए निर्देश
🔳 महिला सभागार में हुई क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित महिला सभागार गरमपानी में हुई क्षेत्र पंचायत समिति बेतालघाट की बैठक में बिजली, पानी, सड़क आदि मूलभूत समस्याएं छाई रही। कई विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों के बैठक में न पहुंचने पर पंचायत प्रतिनिधियों ने रोष जताया। अधिकारियों के गैरजिम्मेदाराना रवैए पर नाराजगी जताई। सीडीओ अरविंद पांडे ने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश दिए।
मंगलवार को सभागार में क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक का शुभारंभ सीडीओ अरविंद पांडे व ब्लॉक प्रमुख अंकित साह ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने जल जीवन मिशन योजना के तहत गांवों में पाइपलाइन खुले में बिछाए जाने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। योजना में खुले तौर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा जांच की मांग उठाई। गांवों में बिजली की लाइनों के आवासीय भवनों के नजदीक से होकर गुजरने पर अनहोनी का अंदेशा जता तारों को दुरुस्त करने, पीएम सम्मान किसान निधि का लाभ किसानों को न मिलने, पेयजल योजनाओं से आपूर्ति न होने समेत तमाम समस्याएं उठी। धारी ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान कमल जंतवाल ने भविष्य में आपदा , भूस्खलन, वन संपदा, प्राकृतिक जल स्रोतों व सड़कों को नुकसान को देख गांव के दो किमी दायरे में खनन पट्टों को प्रतिबंधित किए जाने की पुरजोर मांग उठाई। साफ कहा की यदि अनदेखी हुई तो गंभीर परिणाम सामने होगे। बैठक में शिक्षा, वन, स्वास्थ्य समेत कई अन्य विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति पर पंचायत प्रतिनिधियों ने हंगामा काटा। बीडीसी बैठक की अनदेखी पर कार्रवाई की मांग उठाई। सीडीओ अरविंद पांडे ने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने का भरोसा दिलाया साथ ही समस्याओं के निदान को प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश मौजूद अधिकारियों को दिए। इस दौरान श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, बीडीओ पंकज जोशी, तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी, ग्राम प्रधान तिवाडी गांव हिमांशु जोशी, प्रधान हल्सों संजय जैडा, प्रधान सेठी प्रताप कुमार, दीपा देवी, राजेंद्र सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे।