🔳 खैरना बाजार में रोडवेज व केमू बस में टक्कर से अफरातफरी
🔳 छड़ा में ट्रक में घुसा तेज रफ्तार पिकअप वाहन
🔳 दुर्घटनाओं से हाईवे पर यातायात रहा प्रभावित
🔳 पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बामुश्किल यातायात कराया सुचारु
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना व छड़ा बाजार के समीप हुई दुर्घटनाओं से अफरातफरी मच गई। गनीमत रही की कोई चोटिल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना से हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। खैरना पुलिस की टीम ने बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया।
हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण बनती जा रही है। आए दिन दुर्घटनाओं से यातायात भी प्रभावित होता जा रहा बावजूद तेज रफ्तार वाहन दौड़ाने वाले वाहन चालक मनमानी पर आमादा है। शनिवार को पहला हादसा खैरना बाजार में दो वाहनों के ओवरटेक करने से सामने आया। आनंद बिहार, दिल्ली से अल्मोड़ा को जा रही रोडवेज बस ने केमू की बस में टक्कर मार दी। दोनों वाहनों के टकराने की आवाज से दोनों बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही की कोई यात्री चोटिल नहीं हुआ। दुर्घटना से हाईवे पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। केमू व रोडवेज बस चालकों में आपस में तीखी बहस भी हुई। जाम लगने से बाजार में दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस व पीआरडी जवानों ने बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया। आवाजाही सुचारु होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। दूसरी दुर्घटना हाईवे पर ही छड़ा बाजार के समीप हुई। हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रहा पिकअप वाहन यूके 01टीए 4225 का चालक प्रकाश अधिकारी वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। नतीजतन वाहन असंतुलित होकर बागेश्वर से हल्द्वानी की ओर जा रहे ट्रक यूके 05 सीए 2897 से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी की पिकअप वाहन ट्रक के एक हिस्से में फंस गया। दुर्घटना में पिकअप वाहन चालक प्रकाश घायल हो गया। सूचना पर पहुंची खैरना पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन के अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। आवाजाही ठप होने से यात्री व पर्यटक भी परेशान हो गए। पुलिस टीम ने बामुश्किल दोनों वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु करवाया। इस दौरान चौकी प्रभारी रमेश पंत, राजेंद्र सती, जगदीश धामी, दर्शन चौधरी आदि मौजूद रहे।
