🔳 तीन वर्ष पूर्व हो चुका है सभी भवनों का निर्माण कार्य पूरा
🔳 अधिकारियों की अनदेखी से नवनिर्मित भवन हो चुके विरान
🔳 एक करोड़ रुपये से भी अधिक की सरकारी धनराशि हुई है खर्च
🔳 पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जताया रोष
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के विभिन्न गांवों में एक करोड़ रुपये की भी अधिक की सरकारी धनराशि से बने अटल आयुष्मान आरोग्य मंदिर के भवन तीन वर्ष पूर्व बनकर तैयार होने के बावजूद विरानी का दंश झेल रहे हैं। कार्यदाई संस्था स्वास्थ्य विभाग पर भवनों को अब तक न लेने का आरोप मढ़ रही है तो वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भवनों में खामियां दूर होने के बाद ही भवनों के अधिग्रहण की बात कह रहे हैं। ऐसे में समय के साथ साथ अब भवनों के बदहाल होने का अंदेशा भी बढ़ता ही जा रहा है।
राज्य सरकार ने गांवो में सुलभ, सस्ती व व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में अटल आयुष्मान आरोग्य मंदिर के भवनों के निर्माण को एक करोड़ रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत किया। तीन वर्ष पूर्व रातीघाट, थापली, नौघर, तिवाड़ी गांव समेत आठ गांवों में सरकारी बजट से अटल आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवनों का निर्माण भी कर लिया गया पर तीन वर्ष से अब तक भवन स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित नहीं हो सके हैं जिस कारण वर्तमान में गांवों में स्थित आयुष्मान मंदिर किराए के भवनों में संचालित है। तीन वर्ष पूर्व भवनों का निर्माण होने के बावजूद आज तक इन भवनों में संचालन न होने से ये भवन विरान पड़े हुए हैं। कई भवनों की छत तक उखड़ने लगी है तो कई जगह देखरेख के अभाव में भवनों की दीवारें काली पड़ने लगी है। भवनों के निर्माण का जिम्मा पेयजल निगम (निर्माण ईकाई) को सौपा गया पर आज तक भवनों को स्वास्थ्य विभाग को न सौंपे जाने से अधिकारियों की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने भी नवनिर्मित भवनों की अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है कि सरकारी बजट से बने भवनों की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यदाई संस्था पेयजल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर सूर्य प्रकाश बडोनी के अनुसार पूर्व में पत्राचार किया जा चुका है पर स्वास्थ्य विभाग भवनों को हेडओवर नहीं ले रहा। कार्रवाई गतिमान है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. हरीश पंत के अनुसार कुछ तकनीकी खामियों को दूर करने को कहा गया है। इस माह के अंत तक भवन को लेकर कार्य संचालित किए जाएंगे।
