🔳 चालक ने सूझबूझ का परिचय दे पहाड़ी की ओर मोड़ा वाहन
🔳 बाजार क्षेत्र में हुई घटना से मची अफरातफरी
🔳 स्थानीय लोगों ने घायल चालक व हेल्पर को उपचार के लिए भेजा अस्पताल
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में कैंटर के ब्रेक फेल होने से हड़कंप मच गया। असंतुलित वाहन हाईवे किनारे पहाड़ी से जा टकराया। गनीमत रही की कोई वाहन व राहगीर चपेट में नही आया और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में वाहन चालक व हेल्पर घायल हो गए। स्थानीय व्यापारियों ने दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया।
शनिवार को चालक प्रदीप कुमार हेल्पर विजय को लेकर कैंटर यूके 04 सीए 7267 में निर्माण सामग्री लाद हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर रवाना हुआ। विजय अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में उसने एकाएक ब्रेक लगाए पर ब्रेक नहीं लगे और वाहन असंतुलित हो गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय दे कई वाहनों व राहगीरों को बचाते हुए असंतुलित वाहन को बाजार से सटी थुआ की पहाड़ी की ओर मोड़ दिया जिससे वाहन पहाड़ी से जा टकराया। वाहन के पहाड़ी से टकराने की आवाज से बाजार क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। व्यापारी भी दुकानों से बाहर निकल आए। वाहन चालक की सूझबूझ से कई लोग वाहन की चपेट में आने से बच गए और बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोगों ने वाहन के अंदर फंसे चालक व हेल्पर को बामुश्किल बाहर निकाल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। खैरना पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।
