🔳 बाजार में दिखने के बाद अब मार डाला गोवंशीय पशु
🔳 आवाजाही तेज होने से बड़ी घटना के सामने आने का अंदेशा
🔳 क्षेत्रवासियों ने उठाई दहशत से निजात दिलाने की मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार के शिप्रा नदी पार गुलदार के गोवंशीय पशु पर हमला कर उसे मार डालने से दहशत बढ़ गई है। बीते दिनों गुलदार के बाजार क्षेत्र में टहलने व अब गोवंशीय पशु को मार डालने से क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ गई है। लोगों ने गुलदार के आंतक से निजात दिलाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग वन विभाग से की है।
हाईवे पर बीते दिनों गुलदार के रोड पार कर आबादी क्षेत्र तक पहुंचने के बाद शनिवार को गुलदार ने शिप्रा नदी पार गोवंशीय पशु को ढेर कर डाला। घटना के सामने आने से क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ गई है। पिछले दिनों ही गुलदार बकरियों के फिराक में बुजुर्ग महिला पर भी हमला कर चुका है। लगातार आवाजाही तेज होने से बड़ी अनहोनी के सामने आने का अंदेशा भी बढ़ गया है। गुलदार की घुसपैठ तेज होने से क्षेत्रवासियों में दहशत बढ़ गई है। दिन ढलने के साथ ही लोग घरों में दुबक जा रहे हैं। जंगल से उतर व्यस्त हाईवे को पार कर शिप्रा नदी क्षेत्र में गुलदार के पहुंचने से भयभीत लोगों ने वन विभाग से गुलदार के लगातार बढ़ते जा रहे आंतक से निजात दिलाने को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल अध्यक्ष फिरोज अहमद, व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र नेगी, गोविंद सिंह, मनीष तिवारी आदि ने अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
