🔳 प्रार्थना सभा में थे नौनिहाल, टल गई बड़ी अनहोनी
🔳 सूचना पर पहुंची उपजिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
🔳 संकुल केंद्र में कक्षाएं संचालित करने के निर्देश
🔳 लंबे समय से जर्जर हालत में है विद्यालय की छत, बावजूद अनहोनी
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की जर्जर छत के दरकने से एकाएक गिरे प्लास्टर से हड़कंप मच गया।गनीमत रही के घटना के वक्त नौनिहाल कक्षा कक्ष में नहीं थे और बड़ी अनहोनी टल गई। सूचना पर श्री कैंची धाम तहसील की उप जिलाधिकारी मोनिका ने मौका मुआयना कर शिक्षकों को कक्षाएं संकुल केंद्र में संचालित करने के निर्देश दिए। बताया कि छत की मरम्मत के लिए शिक्षा विभाग को बजट उपलब्ध हो चुका है। जल्द ही छत की मरम्मत करवाई जाएगी।
लंबे समय से खैरना स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की छत खस्ताहालत में है। विद्यालय में क्षेत्र के सत्रह नौनिहाल शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बावजूद विद्यालय भवन की सुध नहीं ली जा रही। बरसात में बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है। आए दिन खतरा बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार सुबह एकाएक जर्जर छत से भारी मात्रा में प्लास्टर कक्षा में आ गिरा। गनीमत रही की बच्चें प्रार्थना सभा में थे। कक्षा कक्ष में बच्चों के न होने से बड़ी अनहोनी टल गई। प्लास्टर गिरने की आवाज सुन शिक्षिकाएं कमरे में पहुंची। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालम सिंह पिनारी ने मामले की सूचना श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका को दी। उपजिलाधिकारी ने मौका मुआयना कर शिक्षकों को नौनिहालों को नजदीकी संकुल केंद्र में बैठने के निर्देश दिए। कहा कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपदा व जिला खनन न्यास निधि से छत की मरम्मत को शिक्षा विभाग को बजट मिल चुका है। मरम्मत होने तक विद्यार्थियों को संकुल केंद्र में ही बैठाया जाएगा। इधर क्षेत्रवासियों ने लगातार बढ़ रहे खतरे को देख नौनिहालों की सुरक्षा को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है।
