🔳 जिला पंचायत सदस्य ने जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा पत्र
🔳 गतिमान तैनाती प्रक्रिया में समुचित शिक्षक उपलब्ध कराने पर दिया जोर
🔳 अनदेखी कतई बर्दाश्त न करने का किया ऐलान
🔳 समुचित शिक्षकों की तैनाती न होने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के तमाम विद्यालयों के एकल शिक्षक के भरोसे संचालित होने पर जिला पंचायत सदस्य ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेज विद्यालयों में समुचित शिक्षकों की तैनाती किए जाने की मांग उठाई है। पत्र के माध्यम से बताया है की विद्यालयों में शिक्षक न होने से नौनिहालों का भविष्य भी अंधकारमय होता जा रहा है। चेताया है की शिक्षकों की तैनाती प्रक्रिया गतिमान होने के बावजूद यदि उपेक्षा हुई तो आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम विद्यालयों के एकल शिक्षक के भरोसे तथा व्यवस्था में संचालित होने से अभिभावकों की चिंता बढ़ते ही जा रही है। बच्चों के बेहतर भविष्य की खातिर अभिभावक गांव छोड़कर नगरीय क्षेत्रों को रुख करने को मजबूर हो चुके हैं। कई बार शिक्षकों की तैनाती का मुद्दा उठने के बावजूद अब तक शिक्षा विभाग की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट सकी है अब बेतालघाट के जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा ने मामले को एक बार फिर जोर-शोर से उठाकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेज शिक्षकों की तैनाती पर जोर दिया है। ज्ञापन के माध्यम से कहा है की सरकार से इन दिनों विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया गतिमान है। बेतालघाट ब्लॉक के करीब पच्चीस विद्यालय शिक्षक विहीन है बामुश्किल व्यवस्था पर दूसरे स्कूलों से शिक्षक भेज विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों का भविष्य महज एक शिक्षक संभाले है। ऐसे में नौनिहालों के भविष्य से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। बच्चों की पढ़ाई की खातिर लोगों के गांव छोड़ने से पलायन बढ़ता ही जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य ने तैनाती प्रक्रिया में बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में स्थित स्कूलों का ध्यान रख समुचित शिक्षकों की तैनाती पर जोर दिया है। दो टूक चेतावनी भी दी है की यदि उपेक्षा की गई तो फिर क्षेत्रवासियों को साथ लेकर बीईओ कार्यालय में आंदोलन शुरु कर दिया जाएगा।