🔳 ग्राम प्रधान धारी के बाद अब प्रधान हल्सों ने जताया रोष
🔳 मनमाने ढंग से बजट का आवंटन किए जाने का लगाया आरोप
🔳 खनन प्रभावित गांवों की अनदेखी पर जताई नाराजगी
🔳 दोबारा सूची तैयार किए जाने की उठाई मांग
🔳 अनदेखी पर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

बेतालघाट में खनिज न्यास निधि के बजट से खनन प्रभावित गांवों की उपेक्षा का मामला तूल पकड़ने लगा है। धारी गांव के बाद अब हल्सों ग्राम पंचायत के प्रधान ने भी मोर्चा खोल दिया है। ग्राम प्रधान संजय सिंह जैडा ने आरोप लगाया है की बजट को जानबूझकर मनमाने ढंग से दूरदराज गांवों में स्वीकृत करवाया गया है। दो टूक चेतावनी दी की यदि मनमानी की गई तो ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन शुरु किया जाएगा।
बेतालघाट ब्लॉक के विभिन्न गांवों में खनिज न्यास निधी के बजट से अलग अलग कार्यों के लिए करीब 84 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। बजट के आवंटन के बाद से ही खनिज प्रभावित गांवों में बगावत के सुर तेज हो गए हैं। बीते दिनों ग्राम प्रधान धारी कमल सिंह जंतवाल के नाराजगी जताने व बहुउद्देशीय शिविर में विधायक सरिता आर्या के सामने गहरी नाराजगी जताने के बाद अब ग्राम प्रधान हल्सों संजय सिंह जैडा ने भी खनिज न्यास निधी के बजट में ग्राम पंचायत की अनदेखी पर रोष जताया है। आरोप लगाया की खनन कार्य उनकी जमीनों पर किया जा रहा है। भारी भरकम डंपर गांव के रास्ते आवाजाही करते हैं पर खनिज न्यास निधि के बजट में गांव की अनदेखी कर दी गई है। मनमाने ढंग से बजट दूरदराज गांवों के लिए आवंटित कर दिया गया है। ग्राम प्रधान ने दोबारा सूची तैयार करने तथा खनन प्रभावित गांवों के लिए बजट आवंटित किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि बजट आवंटन नहीं किया गया तो गांव के लोगों को साथ लेकर आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।