🔳 हल्सों कोरड़ में लगे बहुउद्देशीय शिविर में जोर-शोर से उठाया मामला
🔳 विधायक ने दिलाया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
🔳 शिविर में उठी 44 समस्याओं में अधिकांश का मौके पर निदान
🔳 जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत लगा शिविर
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज हल्सों कोरड़ में जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत लगे शिविर में आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। खनिज न्यास निधी के बजट में धारी ग्राम पंचायत की उपेक्षा पर ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने रोष जताया। दो टूक कहा की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने माइनिंग कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई।
गुरुवार को विद्यालय परिसर में लगे शिविर का शुभारंभ विधायक सरिता आर्या ने मां सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान ग्रामीणों से किया। कहा की सरकार गांवों के विकास को प्रतिबद्ध है। गांवों की प्रत्येक समस्या के समाधान को गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। शिविर में दर्ज हुई 44 समस्याओं से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। विधायक ने लंबित समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए। ग्राम प्रधान धारी कमल सिंह जंतवाल व ग्रामीणों ने खनिज न्यास निधी के बजट में उनकी पंचायत की अनदेखी का आरोप लगा रोष जताया। आरोप लगाया की स्टोन क्रशरों व उपखनिज पट्टों की धूल उनके गांव के लोग खा रहे हैं और खनिज न्यास निधि के बजट को अन्य गांवों में खर्च किया जा रहा। शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग की बदहाली पर भी रोष जताया। विधायक ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बेतालघाट व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी ने बेतालघाट में राजीव गांधी अभिनव विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा का लाभ दिलाने तथा मिनी स्टेडियम में उड़ती धूल को रोकने के लिए लाल मिट्टी बिछाए जाने की मांग उठाई। आसपास के गांवों से पहुंचे किसानों ने जंगली जानवरों से खेती बचाने को तारबाड़ करने तथा सिंचाई नहरों को दुरुस्त किए जाने पर जोर दिया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टाॅल के जरिए विभागीय योजनाओं का प्रचार प्रसार किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, ग्राम प्रधान धर्मा देवी, बीडीसी मीना देवी, गोपाल जैडा, बहादुर सिंह, मनोज पडलिया, मदन कैड़ा, नंदन राम, जगदीश नाथ, महेंद्र जैडा, कीर्ती बल्लभ, आंनद जलाल, आंनद रावत आदि मौजूद रहे।