🔳 शानदार प्रदर्शन के दम पर हर्षित बने मैन ऑफ द मैच
🔳 लोधिया इलेवन व कफुडा के बीच मुकाबला हुआ टाई
🔳 आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों खेलप्रेमियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के मोना क्षेत्र में स्थित हिमगिरि स्टेडियम में खेले गए स्व. गीता देवी मेमोरियल क्रिकेट चैम्पियनशिप के तहत चापड़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैरोली को 79 रनों से पराजित कर दूसरे चक्र में प्रवेश कर लिया। कफुडा व लोधिया इलेवन के बीच हुआ दूसरा मुकाबला टाई हो गया। हर्षित मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रविवार को क्रिकेट चैम्पियनशिप के पहले मुकाबले में चापड़ की टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 197 रन का स्कोर खड़ा किया। चापड़ की टीम से दीपक ने 22 गेंदों में 57 रन की विस्फोटक पारी खेली जबकि हर्षित ने 23 गेंदों में 46 रन बनाए। ललित नेगी ने भी 20 गेंदों में 27 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बैरोली की ओर से करन जीना ने 2 विकेट लिए जबकि दीपक व राहुल को 1-1 सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैरोली की टीम 14.4 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। बैरोली के लिए राहुल ने 39 गेंदों में 49 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली वहीं धर्मेंद्र ने 17 व करन जीना ने 16 रन बनाए। चापड़ की गेंदबाजी में हर्षित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 8 रन देकर 5 विकेट झटके। इसके अलावा गोपाल कैड़ा ने 3 व नीरज नेगी ने 1 विकेट लिया। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए हर्षित को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा मुकाबला लोधिया इलेवन व कफुडा के बीच खेला गया। लोधिया इलेवन ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 87 रन बनाए। सूरज ने नाबाद 45 रन की अहम पारी खेली।लक्ष्य का पीछा करने उतरी कफुडा की टीम भी 87 रन पर सिमट गई। दोनों टीमों की गेंदबाजी व फील्डिंग सराहनीय रही। जिसके चलते मैच आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा। मैच टाई होने के कारण अब अगला मुकाबला प्री-क्वार्टर फाइनल के रूप में सुपर ओवर खेला जाएगा। विजेता टीम क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेगी। आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग किक्रेट मुकाबले का लुत्फ उठाने पहुंचे।

error: Content is protected !!