🔳 एनएच प्रशासन ने चिह्नित किए दुर्घटना संभावित क्षेत्र
🔳 प्रस्ताव तैयार कर सड़क व भूतल मंत्रालय को भेजा
🔳 दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ने से हरकत में आया एनएच प्रशासन
🔳 क्रश बैरियर स्थापित होने से टल सकेगा खतरा
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दुर्घटना का खतरा टालने को एनएच प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। एनएच विभाग ने हाईवे पर खतरे वाले स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षित यातायात को क्रश बैरियर स्थापित करने को प्रस्ताव तैयार कर सड़क व भूतल मंत्रालय को भेज दिया है। बजट को हरी झंडी मिलते ही खतरनाक स्थानों पर क्रश बैरियर स्थापित किए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बजट को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
कुमाऊं की लाइफ लाइन यानि अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रोजाना हजारों वाहन आवाजाही करते हैं। सुबह से शाम तक हाईवे पर छोटे बड़े वाहन फर्राटा भरते हैं। पिछले कुछ समय से हाईवे पर दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ गया है। वाहनों के खाई की ओर पलटने से आधा दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई लोग गंभीर रुप से घायल हो चुके हैं। लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं को रोकने को एनएच प्रशासन हरकत में आ गया है। संबंधित विभाग ने ज्योलिकोट, भवाली, कैंची, रातीघाट, पाडली, खैरना, भोर्या बैंड, लोहाली, काकड़ीघाट, सुयालबाड़ी, क्वारब आदि स्थानों पर दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर दुर्घटना टालने को मजबूत क्रश बैरियर स्थापित किए जाने को लगभग 1.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर सड़क व भूतल मंत्रालय भारत सरकार को भेज दिया है। संबंधित विभाग ने कुछ स्थानों पर नाली व फुटपाथ निर्माण के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद पांडे के अनुसार प्रस्ताव सड़क व भूतल मंत्रालय भारत सरकार को भेजा जा चुका है। बजट को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। बजट की स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरु कर दिया जाएगा। एनएच प्रशासन के सुरक्षा कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाने पर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने खुशी व्यक्त की है।

error: Content is protected !!