🔳 तीन दिन से धधक रहा जंगल, वन संपदा हुई राख
🔳 जंगल के अंदर तस्करों ने भी बढ़ाई सक्रियता
🔳 पत्थर तस्कर खदान कर जंगल को पहुंचा रहे नुकसान
🔳 ग्रामीणों ने इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन से पेड़ों के कटान का भी जताया अंदेशा
🔳 वन विभाग की कार्यप्रणाली पर जताया रोष
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक की सीमा से लगा थुआ का जंगल पिछले तीन दिनों से धधक रहा है बावजूद वन विभाग की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। जंगलात क्षेत्र में लंबे समय से तस्कर भी सक्रिय हैं। धड़ल्ले से खदान कर जंगल को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया की जंगल के अंदर मशीनों से पेड़ भी काटे जा रहे पर विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। आग व तस्करों के वन संपदा को नुकसान पहुंचाए जाने के बावजूद कार्रवाई न होने से वन विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है।
थुआ के जंगल का अस्तित्व खतरे में आ गया है। पिछले तीन दिनों से जंगलात क्षेत्र आग की चपेट में हैं। जंगल से लगातार धुएं का गुबार उठ रहा है। बड़े पैमाने पर वन संपदा को नुकसान पहुंचने का अंदेशा है पर जंगल की सुरक्षा को जिम्मेदारी संभालने वाले वन विभाग का कुछ अता पता नहीं है। जंगल में धधक रही आग से कई पेड़ भी जल चुके हैं। वनाग्नि को काबू करने में वन विभाग जहां फेल साबित हो रहा है वहीं जंगल में सक्रिय तस्करों पर भी अंकुश नहीं लगा पा रहा है। जंगल क्षेत्र में सक्रिय तस्कर नेपाली मूल के श्रमिकों के जरिए खदान कर धड़ल्ले से पत्थरों की तस्करी करने में मस्त हैं। दिनभर जंगलात क्षेत्र में जगह जगह खदान कर पत्थर निकाले जा रहे हैं तथा रात के समय पत्थरों को डंपरों के जरिए ठिकाने लगा दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया है की जंगल क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक कटर मशीन से पेड़ भी काटे जा रहे हैं बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। अंदेशा जताया की यहीं हालात रहे तो पूरे जंगल का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। ग्रामीणों ने मामले में कार्रवाई पर जोर दिया है। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी के अनुसार अराजक तत्व जंगल में आग लगा दे रहे हैं। पूर्व में आग बुझाई भी गई। दोबारा टीम भेजी जा रही है। खदान करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। पेड़ काटने वालों का भी पता लगाया जाएगा।




