🔳 1.90 करोड़ रुपये की योजना से हुआ है योजना का निर्माण
🔳 आज भी नलों से पानी की बूंद टपकने का इंतजार कर रहे ग्रामीण
🔳 बेतालघाट ब्लॉक में सवालों के घेरे में आई जेजेएम योजना
🔳 करोड़ों रुपये का बजट खर्च होने के बावजूद सूख रहे ग्रामीणों के हलक
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में जल जीवन मिशन योजना सवालों के घेरे में है। ब्लॉक मुख्यालय से सटे तल्ला गांव (ऊंचाकोट) में लगे बोर्ड में योजना का कार्य दो वर्ष पूर्व ही समाप्त हो चुका है पर धरातल के हालात उलट है। ग्रामीणों के घरों में लगे नलों से आजतक पानी की बूंद तक न टपकी है। योजना से पानी मिलने के इंतजार में गांवों के लोगों की आंखें पथरा गई है।
केंद्र सरकार ने गांवों में पानी का सूखा खत्म करने को करोड़ों रुपये के बजट उपलब्ध कराया पर धरातल में आज भी गांवों के लोग योजना से लाभ मिलने का इंतजार कर रहे हैं। कुछ ऐसी ही हकीकत बयां कर रहा है तल्लागांव। 1.90 करोड़ के बजट से वर्ष 2023 में ही योजना का कार्य पूरा कर लिया गया है पर गांव के लोग आज भी घरों में लगाए गए नलों से पानी की बूंद टपकने का इंतजार कर रहे हैं। दो वर्ष का लंबा समय बीतने के बावजूद अब तक एक दिन भी पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है जबकि गांव के लोगों से कार्यदाई संस्था आधार कार्ड तक ले चुकी है। पेयजल आपूर्ति सुचारु न होने से गांव के लोगों में गहरी नाराजगी भी व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में लगे बोर्ड में दो वर्ष पूर्व ही कार्य समाप्त कर दिया गया है। ग्रामीणों ने गांव की उपेक्षा किए जाने का भी आरोप लगाया है। जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलीप सिंह बिष्ट के अनुसार रोड निर्माण से लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। बजट का भी इंतजार है। जल्द आपूर्ति सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




