🔳 राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में पाया पहला स्थान
🔳 उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बेतालघाट घाटी को किया गौरवान्वित
🔳 पूर्व में भी कई पुरस्कार अपने नाम कर चुकी है मेधावी
🔳 विद्यालय प्रबंधन व क्षेत्रवासियों ने खुशी की व्यक्त
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
राजीव गांधी अभिनव विद्यालय बेतालघाट की छात्रा ने राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह पक्की कर ली है। छात्रा के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यालय प्रबंधन तथा विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों व क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त कर होनहार के उज्जवल भविष्य की कामना की है।
बेतालघाट ब्लॉक के चापड़ गांव निवासी कौशल जोशी की बेटी मेधावी याशिका जोशी ने डीडीहाट, पिथौरागढ़ में हुई राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया है। सामाजिक विज्ञान विषय पर हुई प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर मेधावी का चयन राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मेधावी ने पूर्व में भी हुई सुलेख, विज्ञान व कला समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर कई पुरस्कार अपने नाम किए हैं। याशिका वर्तमान में राजीव गांधी अभिनव विद्यालय बेतालघाट में छठी कक्षा में अध्ययनरत हैं। होनहार के राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिलिप पडियार, दिलिप सिंह नेगी, कुलवंत सिंह जलाल, शेखर दानी, बालम सिंह बोहरा आदि ने खुशी व्यक्त की है।




