🔳 पुलिस प्रशासन व वन विभाग को खुली चुनौती दे रहे तस्कर
🔳 रात को पत्थर जबकि दिन में शराब माफिया हावी
🔳 छोटे-छोटे बच्चों के नशे की चपेट में आने की आशंका हुई दोगुनी
🔳 पत्थर तस्करी के लिए जंगल व पहाड़ को किया जा रहा खोखला
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक की सीमा पर स्थित ताड़ीखेत क्षेत्र पत्थर व शराब तस्करी का गढ़ बनता जा रहा है। धड़ल्ले से हो रही तस्करी से पुलिस प्रशासन व वन विभाग को खुली चुनौती दी जा रही है बावजूद जिम्मेदारों की नींद नहीं टूट रही। रात को धड़ल्ले से पत्थरों से भरे डंपर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं जबकि दिनदहाड़े खुलेआम हो रही शराब तस्करी से गांव का माहौल खराब होने का अंदेशा बना हुआ है।
पत्थर व शराब तस्करी के गढ़ के रुप में पहचान बन चुके ताड़ीखेत गांव से माफिया पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे रहे है। रात को जंगलात क्षेत्र में धड़ल्ले से खदान कर पत्थर आसपास के क्षेत्र में ठिकाने लगाए जा रहे हैं। पत्थर तस्कर मुनाफे के फेर में जंगल क्षेत्र को खोखला करने में जुटे हुए हैं जबकि शराब तस्कर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने पर आमादा है। धड़ल्ले से बिक रही शराब से जिम्मेदारों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार रात को पत्थर तस्करी व दिन में शराब तस्करी से माहौल खराब हो रहा है पर कार्रवाई नहीं की जा रही। आरोप लगाया की यह सिलसिला लंबे समय से चला आ रहा है पर जिम्मेदारों अनजान बने हुए हैं। वन क्षेत्राधिकारी विजय मलकानी के अनुसार जल्द ही छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। पत्थर तस्करी करने वाले तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




