🔳 भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने लगाया आरोप
🔳 डेढ़ माह पूर्व हुए डामरीकरण के उखड़ने पर जताई नाराजगी
🔳 जनहित से खिलवाड़ किए जाने पर जताया रोष
🔳 बेतालघाट – ओखलढुंगा – बवास मोटर मार्ग का मामला पकड़ने लगा तूल
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण ओखलढुंगा – बवास मोटर मार्ग पर 60 लाख रुपये की लागत से हुए डामरीकरण के उखड़ने पर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने गुणवत्ताविहीन कार्यों से सरकार के छवि खराब किए जाने का आरोप लगा मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है। घटिया कार्य कर जनहित से खिलवाड़ किए जाने पर भी नाराजगी जताई है।
बेतालघाट – ओखलढुंगा – बवास मोटर मार्ग पर डेढ़ महीने पहले साठ लाख रुपये के भारी-भरकम बजट से बवास क्षेत्र से सेठी गांव तक किए गए डामरीकरण कार्य के उखड़ने का मामला तूल पकड़ गया है।
ओखलढुंगा गांव के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदन सिंह के मामले की शिकायत मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल में दर्ज कराने के बाद अब भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने भी मोर्चा खोल दिया है। किसान नेता ने आरोप लगाया की राज्य सरकार ग्रामीण सड़कों की हालत में सुधार को भारी भरकम बजट उपलब्ध करा रही है पर धरातल में घटिया कार्य कर बजट की बर्बादी कर दी जा रही है। घटिया कार्य कर सरकार की छवि बिगाड़ने के साथ ही जनहित से खिलवाड़ किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया की सरकार आमजन को सुगम आवाजाही का लाभ दिलाने को गंभीरता से कदम उठा रही है पर बजट खर्च होने के बावजूद सुधार नहीं दिख रहा। किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने मोटर पर हुए कार्यों की उच्चस्तरीय जांच किए जाने तथा मोटर मार्ग की हालत में सुधार की मांग उठाई है। दो टूक कहा की यदि जल्द मोटर मार्ग की सुध नहीं ली गई तो फिर मामले को लेकर जिलाधिकारी से भी वार्ता की जाएगी।




