🔳 गांव में अलग अलग स्थानों पर लगी नौ लाइटें दे चुकी जवाब
🔳 रात को गांव के रास्तों पर आवाजाही हुई खतरनाक
🔳 सुध न लिए जाने पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
🔳 जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के खैरनी गांव में लगाई गई स्ट्रीट लाइटों के जवाब दे जाने से गांव अंधेरे में डूब जा रहा है। पथ प्रकाश की व्यवस्था न होने से आवाजाही करने वाले लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जंगली जानवरों का जोखिम भी कई गुना अधिक बढ़ गया है। ग्रामीणों ने व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है।
खैरनी गांव में भारी भरकम लागत से पथ प्रकाश व्यवस्था को लगी स्ट्रीट लाइटों के लंबे समय से खराब पड़े होने से गांवो में शाम होते ही अंधेरा ही घिर जा रहा है। सार्वजनिक रास्तों पर लगी स्ट्रीट लाइटें शोपीस बन चुकी है। अलग अलग स्थानों पर नौ स्ट्रीट लाइटों के बंद पड़े होने से गांव के लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के रास्तों पर अंधेरा होने से ग्रामीणों की जिंदगी पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। गांव के लोग अंधेरे रास्तों पर जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार लाइटों को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय नवीन जंतवाल, भगवत सिंह, चंदन सिंह, कैलाश, मदन सिंह आदि ग्रामीणों ने सार्वजनिक रास्तों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है ताकी गांव के लोग लाभान्वित हो सकें। दो टूक चेतावनी दी है की यदि अनदेखी की गई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।




