🔳 नाखून व दांत लगने से घायल ग्रामीण पहुंचाया गया अस्पताल
🔳 सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची, बढ़ाई गस्त
🔳गांव के लोगों से विशेष अहतिआत बरतने की अपील
🔳 ग्रामीणों ने गांव में पिंजरा लगाने पर दिया जोर
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के पटोड़ी गांव में गुलदार ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। पंजे से प्रहार के दौरान नाखून लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची टीम ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। उधर ग्रामीण को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वन क्षेत्राधिकारी के अनुसार विभागीय स्तर पर मुआवजा दिलाने को रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
गुरुवार सुबह पटोड़ी गांव निवासी नवीन चंद्र गोशाला से मवेशी लेकर चराने निकला। घर से कुछ ही दूर पहले से घात लगाए बैठा गुलदार ग्रामीण पर झपट पड़ा। अंदेशा है कि गुलदार मवेशियों को शिकार बनाने की फिराक में रहा होगा। आसपास मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया। अन्य ग्रामीण भी जुटे तो नवीन चंद्र की जान बच सकी। अलबत्ता, सिर, कंधे व बाह पर गुलदार के नाखून लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को लहुलुहान हालत में सीएचसी बेतालघाट पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घटना का पता लगने पर वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा की अगुआई में बिल्लेख अनुभाग (ताड़ीखेत ब्लाक) की टीम गांव पहुंची। क्षेत्राधिकारी के अनुसार घायल को उपचार के लिए विभागीय टीम हल्द्वानी ले जाएगी। वहीं ग्रामीणों को जागरुक कर इस सीजन में अतिसतर्कता बरतने और अंधेरे में झुंड के साथ इधर उधर निकलने की सलाह दी जा रही है। वहीं पूर्व ग्राम प्रधान कैलाश पंत व अन्य ग्रामीणों ने गांव में पिंजरा लगाने पर जोर दिया है। ताकि गुलदार को कैद कर मानव वन्यजीव टकराव को टाला जा सके।

error: Content is protected !!