🔳 रोमांचक मुकाबले में 13 रन से दी सूण की टीम को शिकस्त
🔳 अमन शानदार प्रदर्शन के दम पर बने मैन ऑफ द मैच
🔳 बड़ी संख्या में पहुंचे खेलप्रेमियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
🔳 रामगढ़ के गांज खेल मैदान में क्रिकेट चैम्पियनशिप का रंगारंग आगाज
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के गांज गांव में यूथ क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में क्रिकेट चैम्पियनशिप का रंगारंग आगाज हो गया। उद्घाटन मुकाबले में डीसी क्लब ने विपक्षी टीम को तेरह रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। डीसी क्लब के कप्तान अमन की शानदार बल्लेबाजी व घातक गेंदबाजी की बदौलत मैन ऑफ द मैच चुना गया। आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मैच का लुत्फ उठाने पहुंचे।
मंगलवार को गांज के खेल मैदान में क्रिकेट चैम्पियनशिप का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य गहना ज्योति आर्या व ग्राम प्रधान चापड़ निर्मला जीना ने संयुक्त रुप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल मैदान पर खेल भावना का परिचय दे उत्कृष्ट प्रदर्शन का आह्वान किया। प्रतिवर्ष क्रिकेट चैम्पियनशिप के आयोजन पर समिति सदस्यों की सराहना की। कहा की ऐसी प्रतियोगिताओं से स्थानीय स्तर की प्रतिभाओं को खेलने का मौका मिलता है। उद्घाटन मुकाबला सूण क्रिकेट क्लब व डीसी क्लब के बीच खेला गया। डीसी की टीम ने कप्तान अमन के नाबाद 25 रन की बदौलत निर्धारित पंद्रह ओवर में 137 रन बनाए। विजयी लक्ष्य का पीछा करने उतरी विपक्षी टीम 124 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। रोमांचक मुकाबले में डीसी की टीम ने 13 रन के अंतर से मुकाबला जीत लिया। अमन ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन कर चार विकेट झटके। शानदार प्रदर्शन पर अमन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। तमाम गांवों से पहुंचे खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आयोजन समिति के सोनू नयाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र बिष्ट, पूर्व प्रधान प्रकाश चंद्र आर्या, हरेंद्र नेगी समेत तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।




