🔳 टूनाकोट गांव में लगी चौपाल में किसानों ने जताई चिंता
🔳 विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती समेत उठे कई मुद्दे
🔳 संयुक्त मजिस्ट्रेट ने दिए समस्याओं के समाधान के निर्देश
🔳 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर बांटी दवाइयां
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
समीपवर्ती ताड़ीखेत ब्लॉक के टूनाकोट गांव में लगी चौपाल में बिजली, पानी, सड़क आदि मूलभूत सुविधाएं छाई रही। ग्रामीणों की कई समस्याओं का मौके पर ही निदान किया गया। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने लंबित समस्याओं के भी तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
टूनाकोट गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगी चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्टाॅल के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी दे लाभ उठाने का आह्वान किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर निशुल्क दवाइयां वितरित की। ग्रामीणों ने सालीखेत गांव में स्थित विद्यालय में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों पर तैनाती की मांग उठाई। आधार कार्ड अपडेट करने व नाम संसोधन के लिए ग्राम पंचायतवार शिविर लगाए जाने पर जोर दिया। पेयजल समेत अन्य मामलों के समाधान की मांग उठाई। चौपाल में क्षेत्र में जंगली जानवरों के बढ़ते आंतक से खेतीबाड़ी को पहुंच रहे नुकसान का मामला भी जोरशोर से उठा। ग्रामीणों ने कृषि भूमि को सुरक्षित किए जाने को तारबाड़ करवाए जाने पर जोर दिया। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान को निर्देश दिए। जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही न बरतने को कहा। कार्यक्रम में तिपोला, मंडलकोट, विशालकोट, सालीखेत, भुजान, पातली आदि तमाम गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान ग्राम प्रधान नवीन सिंह मेहरा, एसडीओ विद्युत विभाग आयुष चौहान, आंनद सिंह, रमेश सती, अजय टम्टा, डा. पंकज गुणवंत, योगेश रिखाडी, प्रमोद कुमार, सुनील मेहरा, रमेश सिंह, निर्मल सिंह, सुंदर सिंह, प्रियांशु, गोविंद सिंह, मदन सिंह आदि मौजूद रहे।




