🔳 आठ महीनों से भुगतान न होने पर गिनाई परेशानियां
🔳 विभाग पर लगाया अनदेखी किए जाने का आरोप
🔳 रामगढ़ व बेतालघाट ब्लॉक की विभिन्न योजनाओं में तैनात हैं ऑपरेटर
🔳 सांसद ने दिलाया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में स्थित सिंचाई पंपिंग योजनाओं में तैनात पंप ऑपरेटरों ने पिछले आठ महीनों से मानदेय भुगतान न होने पर नाराजगी जता पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अजय भट्ट से लंबित मानदेय का भुगतान करवाए जाने की गुहार लगाई है। सांसद को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंप बताया की मानदेय न मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति भी बिगड़ने लगी है।
गुरुवार को बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक से दर्जनों पंप ऑपरेटरों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अजय भट्ट से गोलापार स्थित सर्किट हाउस में वार्ता की। पंप आपरेटर संघ अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट ने बताया की पिछले कई वर्षों से बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में संचालित पंपिंग योजनाओं में पैतीस से अधिक आपरेटर कार्यरत हैं। पंप आपरेटर हेल्परों के साथ मिलकर पूरी निष्ठा से कार्य करते थे। कड़ी मेहनत करने व ईमानदारी से कार्य करने के बाद पिछले आठ महीने से नलकूप खंड रामनगर ने अब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया है। लगातार मांग उठाने पर विभागीय अधिकारी पृथक मद में बजट न मिलने का हवाला दे इतिश्री कर दे रहे हैं। संगठन के उपाध्यक्ष ललित दानी ने कहा की मानदेय का भुगतान न हो पाने से पारिवारिक स्थिति भी बिगड़ने लगी है। पंप आपरेटरो ने सांसद अजय भट्ट से एक स्वर में अलग से बजट उपलब्ध करा लंबित मानदेय का भुगतान करवाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। सांसद ने पंप आपरेटरो को मामले में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान संगठन कोषाध्यक्ष प्रदीप परगांई, सचिव गोपाल गढ़िया, कमलेश सिंह, कुंदन लाल, चंदन राम, भुपाल राम, पुष्कर सिंह, मुकेश सिंह, आन सिंह, राजेंद्र सिंह, मनोज सिंह, बालम सिंह, पूरन सिंह, राम सिंह, हीरा सिंह, बालम सिंह आदि मौजूद रहे।




