🔳 धड़ल्ले से मलबा डाले जाने से नदी के अस्तित्व पर मंडराने लगा संकट
🔳 पेयजल व सिंचाई योजनाएं भी है नदी से संचालित
🔳 नदी में मलबा डाले जाने से क्षेत्रवासियों में रोष
🔳 सहायक अभियंता ने किया रोक लगवाने का दावा
🔳 पहाड़ी से एकाएक गिरे पत्थरों से मचा हड़कंप
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]]

जीवनदायिनी कोसी नदी के अस्तित्व को बचाने व नदी को स्वच्छ बनाए रखने को सरकार के गंभीरता से कदम उठाए जाने के बावजूद अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर लोहाली क्षेत्र में पहाड़ी से खदान कर मलबा नदी में डाले जाने से नदी के अस्तित्व पर संकट खड़ा होने लगा है बावजूद जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं। एनएच के सहायक अभियंता प्रकाश रौतेला के अनुसार डंपिंग जोन चिह्नित किया जा रहा है। नदी में मलबा न डालने के लिए सख्ती से निर्देशित किया जाएगा।
जीवनदायिनी कोसी नदी से तमाम गांवों को सिंचाई व पेयजल योजनाएं संचालित है वहीं नदी की धार्मिक मान्यता अधिक होने से यह लोगों की आस्था का केंद्र भी है। राज्य सरकार कोसी नदी को स्वच्छ बनाए रखने तथा नदी के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए समय समय पर अभियान भी चला रही है जिससे सरकारी धनराशि भी खर्च की जा रही है पर लोहाली क्षेत्र में पहाड़ी से खदान कर निकाले गए मलबे को नदी क्षेत्र में डाले जाने से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नदी क्षेत्र में मलबा डाले जाने से स्थानीय लोगों में भी गहरा रोष व्याप्त है। लोहाली की अतिसंवेदनशील पहाड़ी पर सुरक्षात्मक कार्य किए जाने को पौकलैड मशीन से खदान का कार्य गतिमान है पर मलबा निस्तारण को ठोस व्यवस्था न होने से नदी क्षेत्र में मलबे का ढेर लगते जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने मलबे को डंपिंग जोन में डाले जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि नदी क्षेत्र में मलबा डाला गया तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। एनएच के सहायक अभियंता प्रकाश रौतेला ने बताया की डंपिंग जोन चिह्नित किया जा रहा है। मलबा को डंपिंग जोन में ही डाला जाना है। नदी में मलबा डाले जाने पर रोक लगाई जाएगी।

पहाड़ी से एकाएक गिरे पत्थरों से मचा हड़कंप

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर लोहाली की अतिसंवेदनशील पहाड़ी पर केंद्रीय सड़क व भूतल मंत्रालय से मिले बजट से सुरक्षात्मक कार्य प्रस्तावित है। वर्तमान में भारी-भरकम लोडर मशीन से पहाड़ी पर खदान का कार्य गतिमान है। गुरुवार को खदान के दौरान पहाड़ी से एकाएक गिरे पत्थरों से हड़कंप मच गया। गनीमत रही की हाईवे पर आवाजाही कर रहे यात्री व पर्यटक वाहन चपेट में नही आए और बड़ी अनहोनी टल गई। हालांकि पत्थरों के गिरने से उठे धूल के गुबार से आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने निर्माणाधीन स्थल पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया की थोड़ी भी लापरवाही से बड़ी घटना सामने आ सकती है। बताया की कमजोर पहाड़ी से पत्थरों के गिरने से पूर्व में दर्जनभर से भी अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। व्यापारियों ने सुरक्षा मानकों के अनुसार से कार्य करवाए जाने पर जोर दिया है।

error: Content is protected !!