🔳 गांव का पंचायत भवन लंबे समय से खस्ताहालत
🔳 नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने बंद पड़े विद्यालय परिसर में की सफाई
🔳 गांव की उपेक्षा से पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों में नाराजगी
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान ने पद व गोपनीयता की शपथ लेने के बाद ग्रामीणों के साथ पंचायत की पहली खुली बैठक के लिए झाड़ियों से घिरे विरान पड़े प्राथमिक विद्यालय के चारों ओर झाड़ियां काट बैठक के लिए जगह बनाई। गांव के पंचायत भवन के भी खस्ताहाल पड़े होने से ग्राम पंचायत की पहली ही बैठक खुले आसमान के नीचे होगी। पंचायतों की उपेक्षा से ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी भी जताई।
ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण के बाद अब खुली बैठकों की तैयारियां भले ही शुरु हो गई है पर नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के लिए गांव में बैठक कराना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के तमाम गांवों में जिम्मेदारों की अनदेखी से पंचायत भवन खस्ताहाल है जिस कारण खुले आसमान के नीचे बैठक कराना मजबूरी बन चुका है। रामगढ़ ब्लॉक के सिमराड गांव भी कुछ ऐसी ही हकीकत बयां कर रहा है। पंचायत भवन के बदहाल होने से नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान भारतेन्दु पाठक ने ग्रामीणों को साथ लेकर करीब बारह वर्ष पूर्व बंद हो चुके राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाकर झाड़ियां कटान कर निस्तारण किया। कई घंटे सफाई अभियान के बाद बामुश्किल प्रस्तावित खुली बैठक के लिए जगह बनाई गई। अभियान में ग्राम प्रधान भारतेन्दु पाठक, भुवन गुणवंत, धीरज गुणवंत, राजेंद्र, कमल, हेम, चंपा, कमला आदि जुटे रहे। प्रधान के अनुसार जब तक नए पंचायत भवन का निर्माण नहीं हो जाता तब तक खुले आसमान के नीचे ही बैठकें करना मजबूरी है।




