🔳 घटना स्थल पर न पैराफिट थे न क्रश बैरियर
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी से खत्म हो गई तीन शिक्षकों की जिंदगी
🔳 विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने एनएच की कार्यप्रणाली पर जताया रोष
🔳 रातीघाट क्षेत्र में हुए हादसे में अल्मोड़ा के तीन शिक्षकों ने गंवाई जान
🔳 हाईवे पर कदम कदम पर नाच रही मौत
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र में हुई हृदयविदारक घटना ने हाईवे पर सुरक्षात्मक कार्यों की पोल खोल कर रख दी है। घटना स्थल पर पैराफिट या क्रश बैरियर लगे होते तो शायद हादसे का शिकार हुए गुरुजनों की जिंदगी बच जाती। लंबे समय से हाईवे पर खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर क्रश बैरियर लगाए जाने की मांग भी उठाई जा रही बावजूद सुध नहीं ली गई जिसका खामियाजा तीन गुरुजनों को अपनी जान गंवाकर भुगतना पड़ा।
अल्मोड़ा से बारात में शामिल होने रवाना हुए गुरुजनों का वाहन अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र में शिप्रा नदी की ओर गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरे शिक्षक ने सीएचसी गरमपानी में दम तोड़ दिया। वाहन में सवार मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय अल्मोड़ा में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर तैनात मनोज कुमार हल्द्वानी में उपचाररत है। घटना स्थल के हालात देखकर हर कोई सिहर उठा। हाईवे पर जिस स्थान से वाहन शिप्रा नदी क्षेत्र की ओर पलटा वहां की स्थिति भी सुरक्षित यातायात के दावों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सुरक्षा के नाम पर एक अदद पैराफिट व क्रश बैरियर का निर्माण तक नहीं किया जा सका है। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि क्रश बैरियर व पैराफिट होते तो शायद नदी क्षेत्र की ओर नहीं पलटता और बड़ी अनहोनी टल जाती पर तीनों जिंदगियां एनएच प्रशासन के लापरवाह रवैए की भेंट चढ़ गई। चर्चा है की वाहन सवार लोग रातीघाट क्षेत्र में रुके। हैंड ब्रेक न लगने वाहन पीछे की ओर आकर शिप्रा नदी की ओर पलट गया। ऐसे में यदि चर्चाओं पर गौर करें तो निश्चित ही यदि क्रश बैरियर व पैराफिट होते तो शायद गुरुजनों का वाहन नदी की ओर नहीं पलटता तथा क्रश बैरियर व पैराफिट से टकराकर हाईवे पर ही रुक जाता और बड़ी अनहोनी टल सकती थी। श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका के अनुसार एनएच विभाग को हाईवे पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित सुरक्षित यातायात को क्रश बैरियर स्थापित किए जाने को निर्देशित किया जाएगा। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हाईवे पर कदम कदम पर नाच रही मौत
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र ही नहीं बल्कि तमाम स्थानों पर ऐसे खतरनाक स्थान है जहां पर हर समय दुर्घटना का खतरा मंडराता है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। दोपांखी, रामगाढ़, भोर्या बैड समेत तमाम स्थानों पर खतरनाक स्थानों पर सुरक्षित यातायात के ठोस उपाय न होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बीते रोज हुई दुर्घटना में रेस्क्यू अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रातीघाट निवासी तारा सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि एनएच विभाग ऐसी जगह पर निर्माण कार्य करता है जहां पर आसानी से निर्माण कार्य हो सके पर खतरनाक स्थानों की अनदेखी कर दी जाती है। व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष मनीष तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, गजेंद्र सिंह नेगी, फिरोज अहमद, गोविंद सिंह नेगी आदि ने भी एनएच प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है।जल्द हाईवे पर खतरनाक स्थान को चिन्हित कर दुर्घटना टालने को सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।




