🔳 कठैला खिलों गांव से जीजीआइसी बेतालघाट को रवाना हुई थी छात्राएं
🔳 गुलदार की घुसपैठ से दहशत में गांव के लोग
🔳 पशुपालक की दो बकरियों को भी बनाया निवाला
🔳 ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की उठाई मांग
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के घोड़ियां हल्सों गांव व आसपास गुलदार की आवाजाही तेज होने से गांव के लोग दहशत में हैं। कठैला खिलों तोक से बालिका इंटर कॉलेज बेतालघाट को रवाना हुई छात्राओं को गांव के रास्ते पर दो गुलदार दिखने से छात्राओं ने बामुश्किल भागकर जान बचाई। मामले से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से सटे घोड़ियां हल्सों ग्राम पंचायत के तोक कठैला खिलों से जीजीआइसी बेतालघाट में आठवीं व बारहवीं में अध्ययनरत छात्राएं रोजाना की तरह मंगलवार को भी गांव से पैदल विद्यालय की ओर रवाना हुई। छात्राएं रोपा लिंक रोड पर पहुंची ही थी की सड़क किनारे दो गुलदार बैठे होने से छात्राओं के होश उड़ गए। बगैर समय गवांए सभी छात्राओं ने गांव की दौड़ लगा। घबराई छात्राओं ने गांव पहुंचकर जानकारी स्वजनों को दी। ग्रामीणों के अनुसार बीते सोमवार को ही गुलदार ने गांव के पशुपालक की दो बकरियों को भी निवाला बना लिया। स्कूल के रास्ते में गुलदार बैठे होने के मामले से स्वजन बेहद चिंतित हैं। ग्राम प्रधान गणेश चंद्र के अनुसार गुलदार की आवाजाही तेज होने से कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आने का अंदेशा बना हुआ है। दहशत का माहौल होने से अब बच्चे भी स्कूल जाने से डरने लगे हैं। ग्राम प्रधान ने वन विभाग से गांव के समीप पिंजरा लगा गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।




