🔳 बगैर आइडी नाबालिग रात भर होटल में रही
🔳 इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने 80 किमी दूर से पहुंची थी नाबालिग
🔳 पुलिस ने शिंकजा कसने की शुरु की तैयारी
🔳 लगातार सत्यापन अभियानों के बावजूद ताक पर रखे नियम
[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
इंस्टाग्राम में हुई दोस्ती के परवान चढ़ने तथा नाबालिग के अपने घर से अस्सी किमी दूर पहुंचने तथा पुलिस के सकुशल बरामदगी के बाद अब पुलिस ने चमड़ियां के होटल व्यवसाई को रडार पर ले लिया है। बगैर पुलिस को सूचना दिए नाबालिग को होटल में रखने के मामले में पुलिस ने होटल व्यवसाई पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरु कर दी है।
नाबालिग के अपने इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने पहुंचने का मामला पुलिस ने गंभीरता से लिया है। बीते शुक्रवार को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर चमड़ियां क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ होटल में कार्य करने वाले युवक के कोसी नदी की ओर दौड़ने से हड़कंप मच गया था। खैरना चौकी पुलिस की टीम ने घेराबंदी की तो दोनों हाईवे से सटे लोहाली गांव के जंगल की ओर भाग निकले। ग्रामीणों के सक्रिय होने पर पुलिस टीम ने दोनों को जंगल क्षेत्र में पकड़ लिया। दोनों को खैरना चौकी लाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ की दोनों के बीच इंस्टाग्राम से दोस्ती हुई और लड़की लड़के से मिलने को अपने घर से करीब अस्सी किलोमीटर दूर चमड़ियां क्षेत्र पहुंच गई। युवक चमड़ियां क्षेत्र में स्थित एक होटल में कार्यरत हैं। किशोरी के पहुंचने पर दोनो रात को होटल में ही रहे सुबह मामले का खुलासा होने पर दोनों भागने के फिराक में थे पर सफलता नहीं मिल सकी। शाम को पुलिस टीम ने दोनों को लालकुआं पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के लगातार सत्यापन व जागरुकता अभियानों के बावजूद भी पुलिस को बगैर बताए नाबालिग को होटल में रखने पर अब पुलिस ने होटल स्वामी की भूमिका टटोलनी शुरु कर दी है। पुलिस को बगैर सूचना दिए नाबालिग के रातभर होटल में रहने से होटल व्यवसाई की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। चौकी प्रभारी खैरना हर्ष बहादुर पाल के अनुसार लगातार जागरुकता अभियानों के बावजूद बगैर आइडी नाबालिग को होटल में रखने पर कार्रवाई की जाएगी। अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जाएगी। साफ कहा की नियमों का उल्लघंन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
