🔳 शौचालय निर्माण के नाम पर टीनशैड खड़ा कर की इतिश्री
🔳 गंदगी निस्तारण को नहीं बनाया गड्डा, न निकासी की व्यवस्था
🔳 एसडीएम के सख्त आदेश को भी कर दिया दरकिनार
🔳 नियमों की अनदेखी कर उपखनिज पट्टा संचालन पर खड़े हुए सवाल
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक से सटे लेहड़ा क्षेत्र में कोसी नदी क्षेत्र में संचालित उपखनिज पट्टे से प्रशासन की आंखों में धूल झोंक नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। एसडीएम के आदेश के बावजूद नदी क्षेत्र को प्रदूषित होने से बचाने को श्रमिकों के लिए शौचालय की ठोस व्यवस्था न कर महज अफसरों को दिखाने के लिए टीन शेड खड़ा इतिश्री कर दी गई है। उपजिलाधिकारी मोनिका के अनुसार मामले में कार्रवाई की जाएगी।
कोसी घाटी में खनन सत्र शुरु होने के साथ ही नियम को रौंदने का दौर भी शुरु हो गया है बावजूद खनन विभाग की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। ब्लॉक मुख्यालय से सटे लेहड़ा क्षेत्र में कोसी नदी पर संचालित उपखनिज पट्टे से प्रशासन व खनन विभाग को खुली चुनौती दी जाने लगी है। नियमानुसार खदान को जुटे श्रमिकों के लिए नदी क्षेत्र में शौचालय निर्माण किए जाने का प्रावधान है ताकि नदी को प्रदूषित होने से बचाया जा सके पर लेहड़ा क्षेत्र में श्रमिक धड़ल्ले से नदी क्षेत्र में खुले में शौच कर नियमों की धज्जियां उड़ानें पर आमादा है। बीते दिनों मामले के तूल पकड़ने पर श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी मोनिका ने शौचालय निर्माण के निर्देश दिए पर नियमों को ढेंगा दिखा नदी क्षेत्र में महज दिखावे के लिए टीनशैड खड़ा कर इतिश्री कर डाली गई। शौचालय से गंदगी निस्तारण को न गड्ढा ही बनाया गया और न ही कोई अन्य ठोस उपाय किए गए। उपखनिज पट्टे पर नियमों की दी जा रही बली से खनन व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। उपजिलाधिकारी मोनिका के अनुसार नियमों की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!