🔳 दिल्ली बम धमाके के बाद कैंची धाम में बढ़ाई गई निगरानी
🔳 मंदिर परिसर व बाहर लगे 36 सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर
🔳 किसी भी प्रकार का बैग मंदिर के अंदर ले जाने पर लगी रोक
🔳 डाग स्क्वायड दस्ते ने भी चलाया
विशेष निरीक्षण अभियान
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

दिल्ली में बम धमाके के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुप्रसिद्ध कैंची धाम में भी चप्पे चप्पे पर निगरानी के साथ ही विशेष जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। मंदिर के अंदर व बाहर करीब 36 सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम देश विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। रोजाना हजारों श्रद्धालु देश के कोने कोने से यहां पहुंचते हैं। दिल्ली में हुई बम ब्लास्ट की घटना के बाद से सुप्रसिद्ध कैंची धाम में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मंगलवार को डाग स्क्वायड दस्ते ने भी मंदिर परिसर व बाजार क्षेत्र में जांच की। पुलिस टीम भी मुस्तैदी से डट गई है। चौकी पुलिस कैंची के साथ ही कोतवाल भवाली प्रकाश सिंह मेहरा लगातार क्षेत्र की मॉनिटरिंग में जुटे हुए हैं। मंदिर के मुख्य गेट पर श्रद्धालुओं की विशेष जांच के बाद आगे बढ़ने की अनुमति दी जा रही है वहीं मंदिर में किसी भी प्रकार का बैग आदि लें जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है। चौकी प्रभारी रमेश चंद्र पंत के अनुसार चौकी परिसर में बने कंट्रोल रुम से मंदिर के बाहर अलग अलग स्थानों पर लगे 18 सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी निगरानी रखी जा रही है। डूयूटी में तैनात कर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर प्रबंधन ने भी श्रद्धालुओं से पुलिस प्रशासन के सहयोग की अपील की है। मंदिर कार्यालय में बने कंट्रोल रुम से परिसर में स्थापित 18 कैमरों से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मंदिर ट्रस्ट प्रबंधक प्रदीप साह के अनुसार श्रद्धालुओं से पुलिस प्रशासन को सहयोग की अपील की गई है। मंदिर परिसर में भी विशेष अहतिआत बरता जा रहा है।