🔳 निर्माण सामग्री का भुगतान दो वर्ष से पड़ा है लंबित
🔳 कई बार उठ चुकी मांग बावजूद नहीं हो रही सुनवाई
🔳 लंबित भुगतान न होने से पूर्व ग्राम प्रधान हुए मायूस
🔳 जल्द भुगतान किए जाने की उठाई पुरजोर मांग, अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के पूर्व पंचायत प्रतिनिधि कार्यकाल पूरा होने के बाद भी मनरेगा योजना के कर्ज तले दबे हैं। निर्माण सामग्री का भुगतान न होने से दुकानकार पंचायत प्रतिनिधियों से निर्माण सामग्री का भुगतान मांग रहे हैं पर मनरेगा योजना से भुगतान न होने से परेशान हैं। कई गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों ने भुगतान न होने पर गहरी नाराजगी जताई है।
प्रदेश में नई पंचायतों का गठन होने के बाद अब विकास कार्यों की रुपरेखा तैयार करने की कवायद शुरु हो गई है। खुली बैठकों के माध्यम से योजनाओं के निर्माण का खाका खींचा जाएगा पर बीते पंचवर्षीय योजना में गांव की सरकार चलाने वाले ग्राम प्रधान गांव में केंद्र सरकार की मनरेगा योजना से किए गए कार्यों के भुगतान की आज भी राह देख रहे हैं। पिछले दो वर्षो से भी अधिक समय से मनरेगा कार्य में इस्तेमाल की गई निर्माण सामग्री का भुगतान न होने से तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ पंचायत प्रतिनिधियों ने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर दुकानदारों का भुगतान कर दिया है पर कई आज भी निर्माण सामग्री का भुगतान नहीं कर सके हैं। समय अधिक होने से दुकानदार पंचायत प्रतिनिधियों पर सामग्री के भुगतान का दबाव भी बनाने लगे हैं। पूर्व ग्राम प्रधान सिरसा इंदु जीना के अनुसार गांव में कार्य करवाए जाने के बावजूद आज तक भुगतान नहीं हो सका है। निर्माण सामग्री के साथ ही श्रमिकों का भुगतान भी लंबित पड़ा है पर सुध नहीं ली जा रही। आरोप लगाया की कई बार गुहार लगाए जाने के बाद भी भुगतान लंबित पड़ा हुआ है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष कुबेर सिंह, विरेन्द्र सिंह, बालमुकुंद सिंह जीना, संजय सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, गजेंद्र सिंह नेगी आदि ने निर्माण सामग्री के भुगतान की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द लंबित भुगतान नहीं किया गया तो फिर पूर्व ग्राम प्रधानों को लेकर विकासखंड मुख्यालय में धरना शुरु कर दिया जाएगा। बीडीओ रामगढ़ शुभम अग्रवाल के अनुसार शासन से बजट उपलब्ध न होने से भुगतान में देरी हुई है। बजट मिलते ही निर्माण सामग्री का भुगतान कर दिया जाएगा।




