🔳 जिम्मेदार अधिकारियों पर लगाया अनदेखी का आरोप
🔳 कूड़ा निस्तारण न होने व बरसाती नाली के खुले रहने पर जताया रोष
🔳 बाजार में सुरक्षित आवाजाही को कदम न उठाए जाने पर दिया जोर
🔳 जल्द व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थाओं से प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल महिला ईकाई का पारा चढ़ गया है। महिला व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण न होने तथा जगह जगह खुली पड़ी बरसाती नालियों से राहगीरों व स्कूली बच्चों की जिंदगी पर मंडरा रहे खतरे पर नाराजगी जताई है। जल्द बाजार क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं का समाधान न होने पर तहसील मुख्यालय में धरने की चेतावनी दी है।
हाईवे पर स्थित बाजार क्षेत्र में समस्याएं मुंह उठाए खड़ी है। बावजूद सुध नहीं ली जा रही। समस्याओं का समाधान न होने से खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बाजार में वर्षों पूर्व बनी नाली के जगह जगह खुले होने से आए दिन स्कूली बच्चे व राहगीर नाली में गिरकर चोटील हो जा रहे हैं। कई बार नाली को कवर किए जाने की मांग उठ चुकी है पर जिम्मेदारों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही। व्यापार महिला ईकाई अध्यक्ष राधा गोस्वामी ने आरोप लगाया की बाजार में कूड़ा निस्तारण के लिए ठोस उपाय नहीं किए जा रहे। जिला पंचायत नैनीताल से पहुंचने वाला कूड़ा वाहन भी नियमित रुप से बाजार में नहीं पहुंच रहा जिस कारण व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। बरसाती नाली के खुले होने से स्कूली बच्चे हाईवे पर आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। ऐसे में बच्चों की जिंदगी पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है पर एनएच विभाग के अधिकारी अनदेखी पर आमादा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने जल्द व्यवस्थाओं में सुधार किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेताया है यदि जल्द व्यवस्था चाक चौबंद नहीं की गई तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।




