🔳 बजट की स्वीकृति व टेंडर प्रक्रिया के बाद भी लंबित पड़ा था काम
🔳 आरटीआई के माध्यम से सूचनाएं एकत्र कर ग्रामीणों ने लड़ी लड़ाई
🔳 दोबारा कार्य शुरु होने के बाद सैकड़ों परिवार होंगे लाभान्वित
🔳 क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी, जनप्रतिनिधियों का जताया आभार
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के घोड़ियां हल्सों ग्राम पंचायत के खीलू व आसपास के तोको को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर ग्रामीणों का लंबा संघर्ष रंग ला गया है। दो वर्ष पूर्व पांच लाख रुपये के बजट को स्वीकृती मिलने तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद धरातल पर सही ढंग से कार्य न होने पर ग्रामीणों ने लंबी लड़ाई लड़ी। अब दोबारा कार्य शुरु होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है।
विधायक निधि से कुछ वर्ष पूर्व खीलू व आसपास के तोको को सड़क सुविधा का लाभ दिलाने को बेतालघाट रोपा सड़क से डेढ़ किमी लिंक मार्ग तैयार किया गया। जिला पंचायत से भी तीन लाख रुपये खर्च किए गए। ग्रामीणों की मांग पर लिंक मार्ग के विस्तारिकरण व सुरक्षा दीवारों के निर्माण को जिला पंचायत से एक बार फिर पांच लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया। दो वर्ष पूर्व पांच लाख के बजट को स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई। एक वर्ष का समय बीतने के बाद ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद सुनवाई नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने सूचना के अधिकार के तहत मामले में जानकारी जुटाई तो मिली जानकारी से ग्रामीणों के होश उड़ गए। विस्तारीकरण व दीवार निर्माण के नाम पर 2.40 लाख रुपये खर्च होने का खुलासा हुआ पर धरातल पर संतोषजनक कार्य न होने पर ग्रामीणों ने मामले को जोर-शोर से उठाया। ग्रामीणों के आकोशित होने पर तत्कालीन सीडीओ ने मामले में जांच बैठ दी। अर्थ व सांख्यिकी विभाग, बीडीओ व जिला पंचायत की संयुक्त टीम को बकायदा जांच के निर्देश दिए। गांव के लोग यहीं नहीं रुके। लगातार आवाज उठाई और पीछे न हटने का ऐलान किया। आखिरकार ग्रामीणों का संघर्ष रंग लाया। सोमवार को लोडर मशीन की मदद से आखिरकार कार्य शुरु कर दिया गया। लिंक मार्ग पर कार्य शुरु होने पर गांव के सैकड़ों परिवारों को अब सड़क सुविधा का लाभ मिल सकेगा। ग्राम प्रधान गणेश चंद्र, सरपंच चारु भंडारी, राम सिंह, संतोष कुमार, गिरीश चंद्र, नवीन कशमिरा ने लिंक रोड पर दोबारा कार्य शुरु करवाए जाने को किए गए संघर्ष के लिए जनप्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया है।

error: Content is protected !!