🔳 जाम से दिनभर रेंगते रहे पर्यटकों व श्रद्धालुओं के वाहन
🔳 कैंची क्षेत्र में ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से खड़ी हुई समस्या
🔳 पुलिसकर्मियों ने ट्रक को धक्का लगाकर लगाया किनारे
🔳 खैरना क्षेत्र में भी पुलिस ने रोके मालवाहक वाहन
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रहे ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम में फंसने से यात्री व पर्यटक परेशान रहे। पुलिस टीम ने बामुश्किल यातायात व्यवस्था दुरुस्त की हालांकि दिन भर वाहन रेंगते रहे।
रविवार को हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रहे ट्रक के कैंची क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने से हालात बिगड़ गए। वाहनों की कतार लगती चली गई। हाईवे पर दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहन जाम में फंसते चले गए। आवाजाही करने वाले लोग परेशान रहे। सूचना पर चौकी कैंची प्रभारी मय टीम मौके पर पहुंचे। जाम में फंसे वाहनों को एक एक कर आगे बढ़ाया गया। हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त को धक्का लगाकर बामुश्किल किनारे लगाया गया। वाहनों की कतार लगने से कैंची धाम क्षेत्र में पैदल आवाजाही करने वाले श्रद्धालु भी परेशान रहे। वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति बिगड़ते चली गई। पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे। जाम से निजात दिलाने को नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में मालवाहक वाहनों को रोके रखा गया। वाहनों का दबाव कम होने के बाद एक एक कर मालवाहक वाहन छोड़े गए। हाईवे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को खैरना, भवाली तथा कैंची पुलिस टीम के सदस्यों ने दिनभर पसीना बहाया।




