🔳 धरातल पर दिखा जिलाधिकारी के आदेश का असर
🔳 धारी, हल्सो व कौरण गांव में लगाई गई चौपाल
🔳 पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने जताया प्रशासन का आभार
🔳 अभिलेखों में नाम दर्ज होने से लोगों को मिल सकेगा योजनाओं का लाभ
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में प्रशासन ने चौपाल लगाकर विरासतन नामांतरण किए। गांव में ही सुविधा उपलब्ध कराए जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया। प्रशासन की टीम ने दोबारा भी चौपाल लगाए जाने का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के गांवों में चौपाल लगाकर जमीनों के विरासतन नामांतरण की कार्रवाई के निर्देश का असर धरातल पर दिखने लगा है। गुरुवार को प्रभारी राजस्व निरीक्षक बेतालघाट सुरेश सनवाल ने धारी, हल्सों व कौरण गांव में चौपाल लगाई। प्रभारी राजस्व निरीक्षक ने खातेदारों की मृत्यु पर उनके वारिसों के नाम अभिलेखों में दर्ज करने की कार्रवाई की। विरासतन नामांतरण की प्रक्रिया गांव में ही चौपाल लगाकर शुरु किए जाने पर कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा प्रभारी निरीक्षक को आवेदन सौंपे। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा की विरासतन नामांतरण न होने ग्रामीण विभागीय योजनाओं से वंचित हो रहे थे। अभिलेखों में नाम दर्ज होने से अब ग्रामीण सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकेंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने चौपाल के माध्यम से समस्या का निराकरण किए जाने पर प्रशासन का आभार व्यक्त किया। प्रभारी राजस्व निरीक्षक के अनुसार अन्य गांवों में भी जल्द ही चौपाल लगाई जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान धारी कमल सिंह जंतवाल, प्रधान हल्सो संजय सिंह जैडा समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।




