🔳 नैनीपुल क्षेत्र में हुई दुर्घटना से मचा हड़कंप
🔳 क्वारब पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चलाया रेस्क्यू अभियान
🔳 दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर फंसे चालक को बामुश्किल निकाला बाहर
🔳 समय पर अस्पताल पहुंचने से बच गई चालक की जिंदगी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर नैनीपुल क्षेत्र में कैंटर असंतुलित होकर कोसी नदी की ओर जा गिरा। सूचना पर पहुंची क्वारब पुलिस की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर हादसे में घायल चालक को सीएचसी सुयालबाड़ी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। गनीमत रही की बड़ी अनहोनी टल गई।
चमोली के थराली क्षेत्र से चालक लक्ष्मण सिंह कैंटर यूके 04 सीबी 8584 लेकर बीते रोज हल्द्वानी की ओर रवाना हुआ। लक्ष्मण हाईवे पर देर रात नैनीपुल क्षेत्र में पहुंचा ही था की एकाएक वह वाहन पर संतुलन खो बैठा। नतीजतन वाहन असंतुलित होकर हाईवे से करीब सौ मीटर नीचे कोसी नदी की ओर पलटता चला गया। वाहन के गिरने की आवाज सून आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। सूचना पर क्वारब चौकी प्रभारी प्रभारी मनोज सिंह अधिकारी, आंनद सिंह राणा, गोपाल बिष्ट घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने बगैर समय गवांए स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरु किया। अंधेरा होने से अभियान में तमाम अड़चनें आई। बामुश्किल दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अंदर फंसे चालक को बाहर निकाल हाईवे तक पहुंचाया गया। निजी वाहन से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। समय पर चालक को अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।




